अजमेर। अजमेर नगर निगम में परकोटा क्षेत्र के 584 होटलों एवं गेस्ट हाऊस की सूची सार्वजनिक कर दी है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि यह सूची अजमेर नगर निगम की वेबसाईट पर देखी जा सकती है। इसके साथ ही पूर्णता प्रमाण पत्र के बाद ही व्यावसायिक निर्माणों को पानी, बिजली के कनेक्शन दिए जाने संबंधी आदेश भी जारी कर दिया गया है।
दरगाह क्षेत्र में होटल अग्निकांड के बाद नगर निगम ने शहर के होटलों एवं गेस्ट हाऊस की सूची तैयार करना आरंभ कर दिया था। इतना ही नहीं बल्कि शहरी क्षेत्र में नए व्यावसायिक निर्माणों के पूर्ण होने पर ही बिजली एवं पानी के कनेक्शन जारी किए जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि नगर निगम ने होटल एवं गेस्ट हाऊस की सूची अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक कर दी है। अब आमजन को पारदर्शिता के साथ ही सुरक्षा मानकों के मापदण्डों की जानकारी भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हो सकेगी। आमजन अपनी क्षेत्र के होटलों की वास्तविक स्थिति जान सकेंगे।
नगर निगम ने भी आदेश जारी कर दिए हैं कि परकोटा क्षेत्र एवं इसके बाहर बन रहे नए होटल निर्माण, गेस्ट हाउस एवं व्यावसायिक निर्माण को बिजली-पानी कनेक्शन तभी दिए जाएं जब नगर निगम से पूर्णतया प्रमाण पत्र जारी हो।