अजमेर रेल मंडल में 141 बच्चों ने रंगों से सजाए सपने, ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा

0

अजमेर। रेल कर्मचारियों के बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अजमेर मंडल की ओर से रविवार को ऑन-द-स्पॉट ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में अजमेर मंडल के विभिन्न केंद्रों पर कुल 141 बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी कल्पनाओं को रंगों के जरिए कागज पर उकेरा।

उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन अजमेर मंडल की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य बच्चों की कलात्मक अभिरुचि को प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर देना था।

पांच केंद्रों पर आयोजित हुई प्रतियोगिता

प्रतियोगिता का आयोजन अजमेर के कचहरी रोड स्थित न्यू ऑफिसर्स क्लब सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों भीलवाड़ा, उदयपुर, मारवाड़ जंक्शन और आबूरोड में किया गया। अलग-अलग केंद्रों पर रेल कर्मचारियों के बच्चों ने अपनी पसंद और कल्पनाशीलता के अनुरूप चित्र बनाकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अजमेर केंद्र पर 30 बच्चों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जबकि मंडल के सभी पांच केंद्रों को मिलाकर प्रतिभागियों की कुल संख्या 141 रही।

तीन आयु वर्गों में बांटे गए प्रतिभागी

बच्चों की उम्र के अनुसार प्रतियोगिता को तीन समूहों में विभाजित किया गया था। पहले समूह में 6 से 9 वर्ष, दूसरे समूह में 10 से 12 वर्ष तथा तीसरे समूह में 13 से 15 वर्ष तक के बच्चों को शामिल किया गया। आयु वर्ग के अनुसार आयोजन से बच्चों को अपनी क्षमता और कल्पनाशीलता के अनुरूप कला प्रस्तुत करने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच को अभिव्यक्त किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर महिला कल्याण संगठन के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने बच्चों के उत्साह और कलात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।