जयपुर। अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद (ABAP) के राजस्थान क्षेत्र की दो दिवसीय बैठक रविवार को अधिवक्ता भवन में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
बैठक में संगठन के उत्तर क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्रीहरि बोरिकर एवं संयुक्त महामंत्री रणबीर सिंह खरकाली ने जयपुर, जोधपुर एवं चित्तौड़गढ़ प्रांत के अध्यक्ष, महामंत्री एवं कोषाध्यक्षों से संगठन की गतिविधियों की जानकारी ली साथ ही आगामी वर्ष में किए जाने वाले कार्यक्रमों एवं कार्ययोजना पर गहन मंथन किया गया। राष्ट्रीय मंत्री कमल परसवाल भी बैठक में उपस्थित रहे। राष्ट्रीय मंत्री के साथ क्षेत्रीय मंत्री की जिम्मेदारीका निर्वहन भी कमल परसावल द्वारा ही किया जा रहा है।
बैठक के दौरान श्रीहरि बोरिकर ने संगठन के सभी आयामों एवं गतिविधियों पर उदाहरण सहित प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन के मूल सिद्धांत न्याय मम धर्म की संकल्पना के साथ अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने को प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कार्य से अधिक महत्वपूर्ण समाज की समस्याओं के समाधान में उनके सहयोगी बनने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
जयपुर प्रांत महामंत्री अभिषेक सिंह ने बताया कि आगामी क्षेत्रीय बैठक चार माह बाद माउंट आबू में जोधपुर प्रांत द्वारा आयोजित की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि 4 से 6 दिसंबर को राजस्थान में लोकमंथन का आयोजन किया वैचारिक संगठनोंके सामूहिक प्रयास से किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम की थीम हम भारत के लोग (We the People of India) रखी गई है।
सिंह ने बताया कि इस आयोजन में अधिक से अधिक अधिवक्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक जिला न्यायालय इकाई पर संपर्क कर इस विषय को लेकर बैठकें आयोजित की जाएंगी। स्थानीय इकाइयों के अधिवक्ताओं के सहयोग से भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में संगठन को मजबूत करने एवं समाज के हर वर्ग तक न्याय पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं ने आगामी योजनाओं पर सहमति व्यक्त की।



