अलवर : विवाहिता का घर से अपहरण कर जंगल में गैंगरेप के बाद कुएं में फेंका

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म करके उसे कुंए में फेंकने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना गत तीन जुलाई की रात करीब 11 बजे की है जब महिला अपने पीहर में थी और घर में उसके पिता भी मौजूद थे। देर रात तीन युवक मोटर साइकिल से उसके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। आवाज सुनकर महिला ने दरवाजा खोला तो दो युवक मोटर साइकिल से उतरकर आए और महिला को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।

विरोध करने पर आरोपियों ने महिला को नशे का इंजेक्शन लगा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी महिला को अपने साथ ले गए और उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे पास के एक कुएं में फेंककर फरार हो गए।

चार दिन बाद महिला को होश आने पर उसने कुएं से आवाज लगाई। वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने महिला की आवाज सुनी और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकाला। उस समय भी महिला पूरी तरह होश में नहीं थी। उसे तुरंत अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय ले जाकर आईसीयू में भर्ती कराया गया।

पीड़िता के पिता ने बताया कि इलाज के दौरान जब महिला को होश आया तो उसने अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। महिला तीन जुलाई कि रात से लापता थी। उसके परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद दूसरे दिन गुमशुदगी का मामला भी दर्ज करवाया था।

महिला शादीशुदा है। उसके दो बच्चे हैं। वह पिछले एक महीने से अपने पीहर में रह रही थी। पीड़िता के अनुसार आरोपी नसवारी गांव के हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है।