अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित करने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे जयसिंहपुरा छोटा गांव में अज्ञात युवक हाथों में छेनी और हथौड़ा लेकर प्रतिमा स्थल पर पहुंचे और प्रतिमा के हाथ की उंगली पर हथौड़े से वार करके उसे तोड़ने का प्रयास किया। देर रात अचानक हथौड़े की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को शक हुआ।
जब ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, तो दोनों युवक अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग गये। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों में आक्रोश फैल गया और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर बड़ौदामेव थाना अधिकारी मोहन सिंह गुर्जर पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने प्रतिमा की स्थिति का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। शुक्रवार सुबह यह खबर आसपास के क्षेत्रों में भी फैल गई, जिसके बाद दलित समाज के लोगों में भारी रोष देखने को मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लक्ष्मणगढ़ उपखंड अधिकारी (एसडीएम) अर्चना, पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने थाना अधिकारी मोहन सिंह गुर्जर के साथ ग्रामीणों से बातचीत करके उन्हें समझाने का प्रयास किया और शांति बनाए रखने का आग्रह किया।
ग्रामीणों की मांग है कि खंडित प्रतिमा को हटाकर उसकी जगह नई प्रतिमा स्थापित की जाए। प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा को हटाकर उसी प्रकार की नयी प्रतिमा प्रशासन की ओर से जल्द लगवाई जाएगी।
गुर्जर ने बताया कि जोहड़ के पास लगी डॉ अंबेडकर की प्रतिमा की उंगली तोड़ने का प्रयास किया गया, जिससे प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करके उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों से भी शांति बनाये रखने का अनुरोध किया गया है।



