आंध्र प्रदेश के पलनाडु में सरकारी महिला कर्मचारी से घर में घुसकर रेप

0

गुंटूर। आंध्र प्रदेश में पलनाडु जिले के माचर्ला कस्बे में एक सरकारी महिला कर्मचारी के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 32 वर्षीय पीड़िता राज्य सरकार की कर्मचारी है और रेलवे स्टेशन के पास अपने घर में अकेली रह रही थी। बुधवार रात एक अज्ञात युवक ने दरवाजा खटखटाया और पानी मांगने के बहाने अंदर घुस गया। जैसे ही महिला पानी लाने के लिए अंदर गई, आरोपी घर में जबरन दाखिल हो गया और चाकू की नोक पर उसे धमकाया।

इसके बाद उसने महिला के हाथ-पैर बांधकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने धारदार हथियार से उस पर हमला भी किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। फोन कॉल का जवाब न मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे बेहोशी की हालत में पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

उन्होंने बताया कि घायल महिला को पहले माचर्ला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए नरसारावपेट के सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया। स्थानीय विधायक जुलकांटी ब्रह्मा रेड्डी ने इस जघन्य घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए पुलिस महानिरीक्षक सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी से बात की और आवश्यक कार्रवाई तथा आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश देने को कहा।