भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में अवैध खनन माफियाओं एवं डीग जिले में बढ़ते अपराधों को लेकर गुरुवार को बयान जारी करके राज्य सरकार को कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर कटघरे में खड़ा करने पर पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह को इशारों-इशारों में मिली धमकी से आमजन में आक्रोश व्याप्त हो गया है।
सिंह ने शुक्रवार को ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिये बताया कि खनन माफियाओं ने दबे शब्दों में उन्हें धमकी देते हुए यह सूचना भिजवायी है कि इस मामले को ज्यादा आगे मत बढ़ाओ और दूर रहो।
उल्लेखनीय है कि विश्वेन्द्र सिंह ने गुरुवार को आरोप लगाया था कि खनन माफिया राजस्थान के मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाकर उनके नाम की आढ़ में अवैध खनन कर रहे हैं। उन्होंने कथित रूप से अवैध खनन में लिप्त खनन माफियाओं की करोड़ों की सम्पत्ति की जांच की मांग की थी।
उन्होंने भरतपुर में गुरुवार को सुबह अवैध खनन सामग्री से भरे कई वाहनों को पकड़ने के बाद भी पुलिस की तरफ से कोई अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर नाराजगी जतायी थी।
इस घटना से आक्रोशित सिंह ने आरोप कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के साथ फोटो खिंचवाकर एवं उनके नाम की आड़ लेकर भरतपुर के वंशी पहाड़पुर में जो लोग गैर एवं अवैध लीज, खनन करके करोड़ों रुपए अर्जित कर रहे हैं। उनके घरों की तलाशी ली जाए तो अवैध तरीके से अर्जित की गई करोड़ों रुपए की संपत्ति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्या राजस्थान सरकार ऐसे भ्रष्ट एवं बेईमान लोगों के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई करेगी या सिर्फ गरीब एवं निम्न वर्ग को ही बेवजह परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सिंह ने शर्मा से आग्रह किया है कि ऐसे खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करके इनके अपराधों की सजा दिलाएं जिससे आमजन में सरकार का एवं पुलिस प्रशासन का विश्वास बना रहे।



