नई दिल्ली। सरकार ने देश के सर्वोच्च राष्ट्रीय बाल सम्मान प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि देश का यह प्रतिष्ठित सम्मान 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के उन बच्चों को दिया जाता है जिन्होंने बहादुरी, समाज सेवा, पर्यावरण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं।
मंत्रालय ने इस संबंध में एक विवरण में बताया कि राष्ट्रपति द्वारा प्रतिवर्ष वीर बाल दिवस (26 दिसंबर) के अवसर पर यहां आयोजित विशेष समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। वर्ष 2019 में इसकी शुरुआत के बाद से अब तक 203 बच्चों को इस सम्मान से नवाजा जा चुका है। पुरस्कार के तहत पदक, प्रमाण-पत्र और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किये जाते हैं।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए भारतीय नागरिक तथा भारत के निवासी 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे आवेदन कर सकते हैं। नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी स्वयं अथवा किसी व्यक्ति एवं संस्था की ओर से नामित किए जा सकते हैं।
सभी आवेदन एवं नामांकन भारत सरकार के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं। सरकार ने लोगों से ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान कर उनके नामांकन भेजने की अपील की है, ताकि उनकी प्रेरक उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल सके।



