निजी बस कंडक्टर पर रिवॉल्वर तानने के आरोप में एएसआई निलंबित

0

फगवाड़ा। सुल्तानपुर लोधी के निकट दादविंडी गांव के पास एक चलती निजी बस में सीट को लेकर हुए विवाद के दौरान पंजाब पुलिस के एक सहायक उप निरीक्षक द्वारा कथित रूप से रिवॉल्वर निकालने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को निलंबित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, निजी बस के कंडक्टर और पीएपी में तैनात एएसआई बलबीर सिंह के बीच सीट को लेकर बहस हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर एएसआई ने गुस्से में कथित तौर पर अपनी रिवॉल्वर निकाल ली, जिससे बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई।

बस में मौजूद यात्रियों ने घटना के वीडियो अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड कर लिए, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस अधिकारी के व्यवहार पर सवाल उठाए। बताया जा रहा है कि आरोपी एएसआई सुल्तानपुर लोधी के एक नेता के पीएसओ के रूप में तैनात था।

मामले की पुष्टि करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने बताया कि सुबह 112 हेल्पलाइन पर शिकायत मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया और जांच शुरू की गई। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच और वायरल वीडियो के आधार पर एएसआई बलबीर सिंह की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि विभागीय कार्रवाई और आगे की जांच नियमों के अनुसार जारी है।