बांसवाड़ा में सहायक प्रशासनिक अधिकारी एवं वरिष्ठ सहायक कोष कार्यालय 10000 रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

0

बांसवाड़ा। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सेामवार को बांसवाड़ा में कोष कार्यालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी मिलन भट्ट एवं बांसवाड़ा तहसील कार्यालय में वरिष्ठ सहायक कचरू कटारा को एक मामले में 10 हजार रुपए रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

ब्यूरो के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार परिवादी ने ब्यूरो की एसीबी बांसवाडा इकाई को परिवादी ने शिकायत की कि ई मित्र के माध्यम से जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया गया था। आवेदन पत्र में पटवारी के फर्जी हस्ताक्षर बताकर तहसील कार्यालय के वरिष्ठ सहायक कचरू कटारा द्वारा परिवादी को धमका कर उसके विरूद्ध पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने का डर दिखा कर परिवादी से रिश्वत राशि की मांग की जा रही थी जिस पर गत 26 एवं 27 फरवरी को रिश्वत राशि मांग सत्यापन कराया गया जिसमें श्री कटारा द्वारा 10 हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग की गई।

इस पर ब्यूरो टीम ने योजनाबद्ध ढंग से जाल बिछाते हुए श्री कटारा द्वारा 10 हजार रुपए की रिश्वत परिवादी से ग्रहण कर अपने परिचित एवं सहायक प्रशासनिक अधिकारी मिलन भट्ट को दिए जाने के बाद रिश्वत की राशि बरामद कर कटारा और भट्ट को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के निवास की भी तलाश जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।