अलवर में निजी कम्पनी के सहायक परियोजना प्रबंधक की संदिग्ध मौत

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र में धनेटा गांव में कार्यरत कंस्ट्रक्शन कंपनी के सहायक परियोजना प्रबंधक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक निजी कंस्ट्रक्शन कम्पनी में सहायक परियोजना प्रबंधक सचिन कुमार देओल (39) की मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले को लेकर मृतक के भाई सुकेन्द्र सिंह ने नौगांवा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार 17 फरवरी को रात करीब आठ बजे सूचना मिली कि सचिन कुमार अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत नाजुक है। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो सचिन की मौत हो चुकी थी और शव अस्पताल के शवगृह में रखा गया था।

प्राथमिकी में परिजनों ने आरोप लगाया है कि सचिन कुमार को तीन चार लोगों द्वारा जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। आरोपी धनेटा स्थित उसी प्रोजेक्ट के पास चार दीवारी का निर्माण का कार्य करवा रहे थे, जिसमें गुणवत्ता संबंधी गंभीर अनियमितताएं पाई गई थीं। सचिन कुमार ने अपने पद और जिम्मेदारी के तहत इसका विरोध किया था, जिससे आरोपी उससे रंजिश रखने लगे और मानसिक रूप से परेशान करने लगे।

इसके बाद सचिन कुमार ने पांच फरवरी को नौगांवा थाने में अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर लिखित शिकायत दी थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, सभी पहलुओं की तफ्तीश की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।