मॉस्को आतंकवादी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 143

मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को में एक कॉन्सर्ट हॉल में शुक्रवार को हुए आतंकवादी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 143 हो गई है जबकि 100 से अधिक लोग घायल हैं।

रूस की जांच समिति ने शनिवार को कहा कि आपातकालीन सेवाएं आतंकवादी हमले स्थल – मॉस्को ओब्लास्ट में क्रोकस सिटी हॉल से मलबे को हटाने का काम जारी था क्योंकि वहां से और शव पाए गए थे। प्रारंभिक निरीक्षण के बाद समिति ने कहा कि आतंकवादियों ने कॉन्सर्ट हॉल में छोड़े गए गोला-बारूद के साथ-साथ स्वचालित हथियारों का भी इस्तेमाल किया।

समिति ने कहा कि बैलिस्टिक, जेनेटिक और फिंगरप्रिंट जांच की जा रही है। समिति ने यह भी कहा है कि यह भी स्थापित हो गया है कि आतंकवादियों ने परिसर में आग लगाने के लिए ज्वलनशील तरल पदार्थ का इस्तेमाल किया था।

रूस की खुफिया एजेंसियों ने मास्को के क्रोकस सिटी हॉल पर हमले के मामले की जांच के संबंध में 11 लोगों को हिरासत में लिया है जिसमें चार आतंकवादी बताए जा रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि ये सभी क्रोकस सिटी हॉल हमले में सीधे तौर पर शामिल थे।

समिति ने कहा कि यूक्रेन की सीमा के पास ब्रांस्क क्षेत्र में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ने मॉस्को के क्रोकस कॉन्सर्ट हॉल में हुई गोलीबारी और बम विस्फोट की जिम्मेदारी ली है।

मॉस्को के बाहर क्रोकस सिटी हॉल के कॉन्सर्ट स्थल पर गोलीबारी हुई और उसके बाद भीषण आग लग गई। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार कई हथियारबंद लोगों ने कॉन्सर्ट स्थल में गोलीबारी की।

रूस की जांच समिति ने आतंकवादी हमले में एक आपराधिक मामला दर्ज किया है। समिति ने कहा कि क्रोकस सिटी हॉल में घटनास्थल से हथियार और गोला-बारूद सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं जिसकी जांच चल रही है और कैमरा रिकॉर्डिंग का अध्ययन किया जा रहा है।

आतंकवादी संगठन ने अपनी अमाक समाचार एजेंसी द्वारा पोस्ट किए गए एक बयान में हमले की जिम्मेदारी ली और कहा कि उसके लड़ाकों ने मॉस्को के बाहरी इलाके पर हमला किया था। इस घटना में सैकड़ों लोग मारे गये और कई घायल हुए।

हमले के संबंध में चार आतंकवादी सहित 11 हिरासत में

रूस की खुफिया एजेंसियों ने मास्को के क्रोकस सिटी हॉल पर हमले के मामले की जांच के संबंध में 11 लोगों को हिरासत में लिया है जिसमें चार आतंकवादी बताए जा रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि ये सभी क्रोकस सिटी हॉल हमले में सीधे तौर पर शामिल थे।

समाचार एजेंसी तास ने रूस की संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) के एक बयान के हवाले से यह जानकारी दी। बयान में कहा गया है कि खुफिया और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई करने के परिणामस्वरूप चार आतंकवादियों सहित 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है। ये सभी सीधे तौर पर क्रोकस सिटी हॉल पर आतंकवादी हमले में लिप्त थे।

जांच एजेंसियों ने हालांकि कहा है कि आतंकवादियों की मदद करने वालों की पहचान के लिए कार्रवाई चल रही है। इस घटना के बाद मॉस्को और आस पास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और सामूहिक कार्यक्रम के आयोजन रद्द करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

भारत सहित कई देशों के नेताओं ने मास्को में आतंकवादी हमले की निंदा की है और निर्दोष लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस की राजधानी मॉस्को में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए आज कहा कि दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और जनता के साथ एकजुटता से खड़ा है।

मोदी ने एक्स पर लिखा कि हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं। भारत दुख की इस घड़ी में रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।

रूसी मीडिया रिपोर्टों में प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा गया है कि राइफलों से लैस अज्ञात हमलावरों के एक समूह ने सम्मेलन कक्ष में चल रहे रॉक बैंड पिकनिक के एक संगीत कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले लॉबी में और फिर कॉन्सर्ट हॉल के अंदर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसी बीच इमारत में जबरदस्त विस्फोट हुआ और आग लग गई।

नवीनतम जानकारी के अनुसार क्रोकस सिटी हॉल में हमले के बाद आग से 12,900 वर्ग मीटर का क्षेत्र जल कर खाक हो गया। आग बुझाने के लिए हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया गया। रूसी स्वास्थ्य मंत्री मिखाइल मुराशको ने कहा कि पांच बच्चों सहित लगभग 115 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसमें 60 लोगों की हालत गंभीर है।

रूस के उप-प्रधानमंत्री तात्याना गोलिकोवा ने कहा, आतंकवादी हमले में घायल लगभग सभी व्यक्तियों की आवश्यक सर्जरी करानी पड़ी है। रुस सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने संवाददाताओं को बताया कि इस हमले की सूचना कुछ मिनट के अंदर ही राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को दे दी गई थी। पेसकोव ने कहा कि राष्ट्रपति को सभी संबंधित सेवा विभागों की ओर से लगातार जानकारी दी जा रही और पुतिन ने कई आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

गोलिकोवा ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने क्रोकस सिटी हॉल आतंकवादी हमले में घायल हुए सभी लोगों के शीध्र स्वस्थ होने की कामना ही है। उन्होंने घायलों को तत्काल उपचार सेवाएं पहुंचाने के लिए चिकित्सा कर्मचारियों की सराहना की है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि हमने (रूसी स्वास्थ्य मंत्री) मिखाइल ए (मुराश्को) के साथ मिलकर मरीजों के स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में राष्ट्रपति को रिपोर्ट दी। राष्ट्रपति पुतिन ने सभी घायलों के स्वस्थ होने की कामना की और डॉक्टरों को धन्यवाद दिया दी।

रूसी स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि क्रोकस सिटी हॉल में आतंकवादी हमले में घायल हुए लोगों की आपातकालीन उपचार का काम पूरा हो गया है और डॉक्टर मरीजों को बहेतर उपचार दे रहे हैं तथा जिनकी हालत गंभीर है उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए बेहतर उपचार सुविधा दी जा रही है।

रूस सरकार ने कहा है कि संघीय सुरक्षा सेवा, आंतरिक मंत्रालय, जांच समिति और नेशनल गार्ड के प्रमुखों ने आतंकवादी हमले की जांच की प्रगति के बारे में राष्ट्रपति को रिपोर्ट दी है। इसके अलावा रूसी आपात्कालीन मंत्री अलेक्जेंडर कुरेनकोव ने राष्ट्रपति को लोगों को बचाने और सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए किए गए उपायों के बारे में अवगत कराया है।

राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि आतंकवादी हमले के बारे में पुतिन ने उपप्रधान मंत्री गोलिकोवा, स्वास्थ्य मंत्री मुराशको और मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर एंड्री वोरोब्योव से भी बात की। संघीय सुरक्षा सेवा ने कहा कि विशेष सेवाएं तलाशी अभियान चला रही हैं। जांच एजेंसी ने आतंकवादी हमले का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल से कई हथियार और विस्फोटक वस्तुएं एकत्र की गई हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख के सलाहकार मिखाइल पोडोल्याक ने कहा कि मास्को की इस घटना से यूक्रेन का कोई लेनादेना नहीं है। अमरीकी अधिकारियों का मानना ​​है कि आतंकवादी हमले में यूक्रेन का हाथ होने कोई संकेत नहीं मिले रहे हैं।

अमरीकी प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मास्को में उसके दूतावास ने मार्च के शुरू में रूस में चरमपंथियों द्वारा हमलों के खतरे बारे में चेतावनी दी थी, लेकिन क्रोकस सिटी हॉल की घटना के संभावित संबंध के बारे में उसे जानकारी नहीं थी। रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस आतंकवादी हमले पर अमरीका की प्रतिक्रिया से कई सवाल उभरे हैं।