इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पिछले 24 घंटों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। भारी बारिश के कारण छत गिरने, डूबने और बिजली का करंट लगने जैसी घटनाएं हुईं। स्थानीय मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।
प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार भारी बारिश से कई जिलों में घरों को नुकसान पहुंचा और मवेशियों की मौत हो गई। पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, मौत का कारण डूबना और इमारतों का गिरना रहा जबकि घायल होने की घटनाएं मुख्य रूप से छत गिरने एवं बिजली का करंट लगने के कारण हुई।
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार लाहौर में गढ़ी शाहू रेलवे कॉलोनी, बॉबी प्लाज़ा, सग्गियां पिंड और काहना में छत गिरने की चार अलग-अलग घटनाओं में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। कसूर ज़िले में, अड्डा ढिंग शाह के पास एक घर की छत गिरने से एक व्यक्ति और एक बच्चे की मौत हो गई और एक महिला एवं दो बच्चों समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए।
फैसलाबाद में भारी बारिश के कारण एक घर की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई जबकि गुजरांवाला में पठान कॉलोनी के पास खेतों में जमा बारिश के पानी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। बहावलनगर में एक घर की छत गिरने से तीन लोग घायल हो गए जबकि बारिश के दौरान बिजली के खंभे से करंट लगने से एक और व्यक्ति घायल हो गया।
नरोवाल के सैर बाजवा गांव में छत गिरने की घटना में दो महिलाएं घायल हो गईं जबकि सियालकोट के दरमा वाला इलाके में एक घर की छत गिरने से एक और महिला घायल हो गई। ननकाना साहिब और शेखूपुरा में डेरा महबूब आलम और पीर शाह खाकी दीवान दरबार के पास छत गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन महिलाएं भी घायल हो गईं। रिपोर्टों मुताबिक, ओकारा में भारी बारिश के कारण जानवरों का शेड गिरने से दो लोग घायल हो गए।
पीडीएमए के महानिदेशक ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में कुल 22 लोगों की मौत हुई है और 183 अन्य घायल हुए हैं। पीडीएमए ने पहले बताया था कि 19 जुलाई से खैबर पख्तूनख्वा में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 19 लोग घायल हो गए। मरने वालों में आठ बच्चे, सात पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थीं, जबकि घायलों में 11 पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल थे।
खैबर पख्तूनख्वा में बारिश से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टें कई जिलों से मिली हैं जिनमें बुनेर, बाजौर, शांगला, स्वाबी, लोअर चित्राल, अपर और लोअर दिर, पेशावर, एबटाबाद, मानसेहरा, तोर घर, कुर्रम और उत्तरी एवं दक्षिणी वजीरिस्तान शामिल हैं। पीडीएमए ने बताया कि राज्य में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ के कारण लगभग 30 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।



