अजमेर जिले में AVVANL का टेक्नीशियन 10 हजार रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

0

किशनगढ़/अजमेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) किशनगढ़ के टेक्नीशियन-प्रथम बबलेश कुमार शर्मा को पॉली हाउस के लिए विद्युत कनेक्शन जारी करने की एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी इंटेलिजेंस अजमेर को शिकायत मिली थी कि परिवादी द्वारा अपने पिता एवं बड़े पिताजी के नाम ग्राम ढसूक स्थित कृषि भूमि पर पॉली हाउस के लिए विद्युत कनेक्शन प्राप्त करने के लिए गत 29 मई को आवेदन किया और 23 जून को एवीवीएनएल, किशनगढ़ स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचा, तब वहां गिरीराज मीणा द्वारा विद्युत कनेक्शन जारी करने की एवज में 15 हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग की गयी तथा कहा गया कि इस संबंध में टेक्नीशियन बबलेश कुमार शर्मा का फोन आएगा।

इसके पश्चात 25 जून को आरोपी बबलेश कुमार शर्मा द्वारा परिवादी को व्हाट्सएप कॉल कर 15 हजार रुपए फोनपे के माध्यम से भेजने के लिए कहा गया तथा रिश्वत राशि प्राप्त होने पर फाइल तत्काल स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया गया। इस पर शिकायत का सत्यापन कराया गया जिसमें एक जुलाई को बबलेश कुमार शर्मा द्वारा पॉली हाउस के लिए विद्युत कनेक्शन जारी करने की एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत राशि की मांग किये जाने की पुष्टि हुई।

मांग की पुष्टि होने के उपरांत ट्रैप कार्यवाही के दौरान शनिवार को आरोपी द्वारा परिवादी से पूर्व में हुई व्हाट्सएप वार्ता के अनुसार फोनपे के माध्यम से 10 हजार रुपए रिश्वत राशि प्राप्त की गई। तत्पश्चात एसीबी इंटेलिजेंस अजमेर की टीम ने आरोपी को रिश्वत राशि प्राप्त करते हुए गिरफ्तार कर लिया।