देश में रहना है तो कानून का पालन करना सीखें, बाबरी ढांचा फिर नहीं बनेगा : योगी आदित्यनाथ

0

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कयामत की कामना करने वालों को अब समझ लेना चाहिए कि न तो कोई कयामत आने वाली है और न ही बाबरी ढांचे का निर्माण फिर कभी होगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश में रहना है तो कायदे से रहना सीखना होगा, क्योंकि कानून का पालन करने वाला ही लाभ में रहता है और कानून तोड़ने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के दुल्हदेपुर स्थित बाबा हरिशंकर दास की कुटी पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार रुकने वाली नहीं है। यह सरकार जितना बोलती है, उतना ही करती है और उतना ही बोलती है जितना करने का संकल्प लेती है। जो लोग कयामत के दिन का सपना देख रहे हैं, वह दिन आने वाला नहीं है। बाबरी मस्जिद अब कभी नहीं बनेगी और सरकार अपनी विरासत को निरंतर सशक्त करती रहेगी।

उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि 500 वर्षों बाद अयोध्या में गौरवपूर्ण क्षण आया। कई सरकारें आईं और गईं, अनेक राजा-महाराजा हुए, लेकिन राम मंदिर का निर्माण नहीं हो सका। आज यह कार्य संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा, राम सबके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग अवसरवादी रवैया अपनाते हुए संकट के समय राम को याद करते हैं और शेष समय उन्हें भूल जाते हैं। ऐसे लोगों को अब आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कयामत की प्रतीक्षा करने के बजाय हिंदुस्तान में कानून का पालन करना सीखें। कानून मानेंगे तो लाभ में रहेंगे, अन्यथा कानून तोड़ने वालों का भविष्य अंधकारमय होगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतवासी का ध्येय एक भारत, श्रेष्ठ भारत होना चाहिए। देश वैभवशाली और विकसित बने, यही सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि हर संत देश के लिए है और धर्म भी देश के लिए है। धर्म और देश आत्मा और शरीर की तरह एक-दूसरे के पूरक हैं। भारत और सनातन भी एक-दूसरे के अभिन्न अंग हैं। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कथा मंडप का उद्घाटन किया तथा रामार्चा यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं।