अजमेर/भीलवाड़ा। सामाजिक सेवा और संस्कार गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए भारत विकास परिषद की अजमेर मुख्य शाखा ने सत्र 2025–26 में प्रांत स्तर पर बड़ा मुकाम हासिल किया है। शाखा को महानगर क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित ‘सर्वश्रेष्ठ शाखा’ सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान भीलवाड़ा में आयोजित प्रांतीय परिषद सभा के दौरान परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डीडी शर्मा और क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी द्वारा प्रदान किया गया।
अजमेर शाखा की उपलब्धियां यहीं तक सीमित नहीं रहीं। रीजनल स्तर पर राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता तथा प्रांतीय स्तर की युवा प्रखर प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए भी शाखा को विशेष सम्मान दिया गया। इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय महासचिव आनंद सिंह राठौड़, पर्यावरण संयोजक दिलीप पारीक और शाखा संरक्षक सुरेश चंद गोयल सहित अनेक पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए टीम को बधाई दी।
शाखा अध्यक्ष कृष्ण गोपाल गोयल ने इस सफलता का श्रेय सभी सदस्यों के समर्पण, सेवा भावना और निरंतर परिश्रम को दिया। उन्होंने बताया कि परिषद द्वारा किए गए नवाचार और समाजहित में संचालित गतिविधियों ने इस उपलब्धि को संभव बनाया।
अजमेर मुख्य शाखा द्वारा कई सामाजिक और सेवा कार्य प्रभावी रूप से संचालित किए जा रहे हैं। इनमें आधुनिक सुविधाओं से युक्त फिजियोथेरेपी केंद्र का संचालन, जरूरतमंदों को चिकित्सा उपकरणों का निःशुल्क वितरण, बुक बैंक की स्थापना और सिलाई केंद्र के माध्यम से महिलाओं को रोजगार से जोड़ना प्रमुख है। इसके अलावा वनवासी क्षेत्रों के लिए आर्थिक सहयोग और वस्त्र संग्रहण जैसे कार्य भी निरंतर किए जा रहे हैं।
संस्कार और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए शाखा द्वारा स्केट्स पर कांवड़ यात्रा, सीड बॉल्स वितरण, तुलसी पौधारोपण और प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत कपड़े के थैलों का वितरण जैसे अभिनव प्रयास भी किए गए हैं। इन गतिविधियों से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचा है।
परिषद की सक्रियता और जनसेवा से प्रभावित होकर शाखा के सदस्य लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं शहर में संगठन की पहचान और प्रतिष्ठा भी मजबूत हुई है। समय-समय पर रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और संस्कार से जुड़े कार्यक्रमों का सफल आयोजन इसकी विशेषता बन गया है।
इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल, प्रांतीय संयुक्त सचिव डॉ सुरेश गाबा, शाखा सचिव राजकुमार गोयल, रमेश चंद जाजू, अशोक गोयल, अशोक पंसारी, मोहनलाल कुमावत, आशा गोयल, राजेश गाबा तथा मधुरिमा गोयल उपस्थित रहे।



