जयपुर। भारतीय मजदूर संघ राजस्थान ने शुक्रवार को जयपुर में श्रमिकों एवं कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर श्रमिक हुंकार रैली निकाली जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिक और कर्मचारियों ने भाग लिया और श्रमिकों प्रतिनिधिमंडल अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मिला।
रैली पूर्वाह्न करीब 11 बजे शहीद स्मारक से प्रारंभ होकर सिविल लाइंस फाटक तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, कर्मचारियों और विभिन्न महासंघों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। रैली में सिविल लाइंस फाटक के पास आम सभा हुई जिसमें भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय महामंत्री रविंद्र हिम्मते ने कहा कि जब तक राज्य सरकार मजदूरों, कर्मचारियों, महिलाओं और युवाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं करती, तब तक राज्य में वास्तविक खुशहाली संभव नहीं है। उन्होंने राज्य सरकार से भारतीय मजदूर संघ द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र पर गंभीरता से चर्चा कर शीघ्र समाधान निकालने की अपील की ताकि आम जनता का सरकार पर विश्वास मजबूत हो सके।
रैली एवं सभा की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह डाबी ने की। संघ के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष राज बिहारी शर्मा ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान में असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की स्थिति अत्यंत दयनीय है। केवल संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों तक सीमित न रहकर यदि सरकार असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, ठड़ी-ठेला व्यवसायियों और गरीब मजदूरों के हित में ठोस कदम उठाती है, तभी इसे सुशासन कहा जा सकता है।
क्षेत्रीय संगठन मंत्री सीवी राजेश ने कहा कि मजदूरों और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर कई बार राज्य सरकार एवं प्रशासन से संपर्क किया गया, लेकिन समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसी उपेक्षा के कारण राजस्थान का मजदूर सड़कों पर उतरने को विवश हुआ है।
प्रदेश महामंत्री हरिमोहन शर्मा ने बताया कि पिछले दो वर्षों में भारतीय मजदूर संघ ने बार-बार मजदूरों और कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाया, लेकिन सरकार द्वारा उन पर समुचित ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विभागवार प्रस्तुत मांग पत्रों पर मंत्री स्तर की वार्ता कर शीघ्र समाधान किया जाए।
सभा के बाद प्रदेश महामंत्री हरिमोहन शर्मा के नेतृत्व में 31 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को विभिन्न महासंघों द्वारा सौंपा गया मांग पत्र प्रस्तुत किया और मुख्यमंत्री के साथ बैठक हुई जिसमें राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों के मंत्री और संबंधित सचिव मौजूद रहे जहां मांगों पर चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इन मांगों के समाधान के लिए त्वरित कदम उठाए जाएंगे।





