भरतपुर : लूट की कोशिश में बदमाशों की गोली से घायल व्यापारी की मौत

0

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में शनिवार को बदमाशों की गोली से घायल हुए बर्तन व्यापारी की रविवार देर रात जयपुर के एसएमएस अस्पताल में मौत हो गई।

व्यापारी की मौत की खबर के बाद शहर में लोगों में रोष व्याप्त हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात मोटर साइकिल पर आये बदमाशों ने पहले मथुरा गेट थाना क्षेत्र में एक व्यापारी प्रमोद से 60 हजार रुपए लूटने के बाद उसे गोली मार दी।

इसके कुछ ही देर बाद बदमाश मथुरा बाईपास पर पहुंचे, जहां उन्होंने अनोखी होटल के पास व्यापारी चंद्रभान (46) से पांच लाख रुपए की नकदी से भरा बैग छीनने की कोशिश की। इसमें नाकामयाब रहने पर उन्होंने चंद्रभान को पेट में गोली मार दी।

दोनों व्यापारियों को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन चंद्रभान की नाजुक हालत को देखते उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेजा गया, जहां ऑपरेशन करके उनके पेट से गोली निकाल दी गई। रविवार देर रात उनकी मौत हो गई।