भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के नदबई कस्बे के एक निजी विद्यालय के अध्यापक के खिलाफ स्कूल की एक छात्रा के साथ कथित अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी शिक्षक छात्रा के साथ करीब आठ महीने से छेड़छाड़ करने के साथ ही पीछा करते हुए छात्रा के घर पहुंचने लगा था। वह छात्रा को धमकी देकर अश्लील फोटो वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देता था।
पुलिस ने बताया इसकी जानकारी छात्रा ने अपने परिजनों को दी। इसके बाद शिक्षक की करतूत को लेकर पीड़िता की मां ने पुलिस में मामला दर्ज कराया। इसके बाद से आरोपी अध्यापक फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धमकियों से परेशान होकर छात्र ने आत्महत्या की
भरतपुर के चिकसाना थाना क्षेत्र में नगला भावरा गांव में 15 वर्षीय छात्र ने धमकियों और प्रताड़ना से परेशान हो घर के पीछे पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता मुकेश ने गांव के चार लोगों पूरन, वनय सिंह, राजेंद्र और विजय सिंह को नामजद करके मामला दर्ज कराया है।
मृतक छात्र रवि कुमार के पिता ने पुलिस को बताया है कि वर्ष 2019 में गांव के एक युवक की हत्या के उन पर लगे आरोप के बाद से ही आरोपियों एवं उसके परिवार में विवाद चल रहा है। उनके पुत्र को धमकियां दी जाती थी, लेकिन डर की वजह से रवि घर पर नहीं बताता था।
वह इन धमकियों से तंग आ गया। सोमवार को दोपहर में स्कूल से लौटने के बाद आरोपियों ने रवि को फिर परेशान किया जिससे तंग आकर उसने फांसी लगा ली।



