भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बदनोर थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय गायत्री नगर में मंगलवार काे सुबह बच्चों के अपहरण के प्रयास से सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े सात बजे छह बच्चे स्कूल के बरामदे में बैठे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति स्कूल परिसर में दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि उसने फोन पर अपने साथियों से कहा कि यहां छह बच्चे बैठे हैं, जल्दी आ जाओ। यह बात सुनकर बच्चे घबरा गए और घर की ओर भागने लगे।
आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने बच्चों को चाकू दिखाकर रोकने और उनका अपहरण करने का प्रयास किया। घबराये बच्चे शोर मचाते हुए गांव की ओर भागे और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के रास्तों पर मोटर साइकिल सवार संदिग्धों की तलाश भी की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल परिसर में एकत्रित हो गए। स्कूल खुलने के बाद प्रधानाध्यापिका सोनू कंवर चौहान ने बदनोर थाने में अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
पेड़ से गिरने से चरवाहे की मौत
भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दुर्घटना में एक चरवाहे की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भाटेवर गांव का नारायण भील (52) मंगलवार सुबह खेत पर गया था। वह बकरियों के लिए पेड़ पर चढ़कर टहनियां काट रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से जमीन पर जा गिरा।
गंभीर चोट लगने के कारण नारायण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव राजकीय अस्पताल पहुंचाया। बाद में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



