भीलवाड़ा में बीगोद के भाजपा के प्रमुख नेता अनिल पारीक का नामांकन पत्र खारिज

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले की बीगोद नगर पालिका चुनाव में नामांकन जांच के दौरान उस समय खलबली मच गई, जब वार्ड 19 से भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता और अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे एडवोकेट अनिल पारीक का नामांकन निरस्त कर दिया गया।

अनिल पारीक का नामांकन खारिज होने से भाजपा के चुनावी समीकरणों को बड़ा झटका लगा है, वहीं कांग्रेस की ओर से दर्ज कराई गई आपत्ति चर्चा का केंद्र बन गई है।

अनिल पारीक को क्षेत्रीय विधायक का करीबी और भाजपा संगठन में सक्रिय एवं प्रभावशाली नेता माना जाता रहा है। जिला संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके पारीक को इस बार नगर पालिका चुनाव में भाजपा के संभावित अध्यक्ष के दावेदारों में प्रमुख माना जा रहा था। ऐसे में वार्ड 19 से उनका पर्चा खारिज होना महज एक वार्ड का मामला नहीं, बल्कि पालिका की आगामी सियासत के लिहाज से भी महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

नामांकन निरस्त होने के पीछे नगर पालिका के विधि सलाहकार के चुनाव लड़ने से जुड़े नियम को आधार बनाया गया। बताया जा रहा है कि पारीक नगर पालिका के विधि सलाहकार के रूप में जुड़े हुए थे। नियमों के तहत ऐसी स्थिति में चुनाव लड़ने को लेकर कानूनी अड़चन है।

अज्ञात व्यक्ति का शव मिला

भीलवाड़ा के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को सुबह एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंंची और शव जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और मौत के कारण भी स्पष्ट नहीं हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक इसी क्षेत्र में मांगकर अपना गुजारा करता था और शराब पीने का भी आदी बताया जा रहा है। प्रथम दृष्टया नशे की हालत में गिरने से उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। मौत के वास्तविक कारण हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।