भीलवाड़ा : चार्जिंग पर लगी स्कूटी में हुए धमाके से घर में आग लगी

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के जिले के हलेड़ गांव में मंगलवार को तड़के रात चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में हुए धमाके से पूरे घर में आग लग जाने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग के कारण मकान की पट्टियां तक चटक गईं और करीब 10 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि भीमराज आचार्य के मकान में तड़के करीब तीन बजे इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज पर लगी हुई थी। अचानक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट हुआ और उसमें आग लग गई। जब तक परिवार कुछ समझ पाता, आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर में फैल गई। धमाके और आग की लपटें देखकर मोहल्ले में अफरा.तफरी मच गई।

इस आग से घर में रखा कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। आग की भेंट चढ़े सामान में एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल, बड़ी मात्रा में गेहूं, घरेलू आटा चक्की, एलसीडी, टीवी, कूलर और पंखों के साथ ही लोहे की आलमारी एवं उसमें रखा सामान जल गया।