अम्बाला। हरियाणा में अम्बाला नगर निगम के मेयर पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार अक्षिता सैनी ने कांग्रेस प्रत्याशी कुलविंदर कौर सैनी को 21 हजार 358 वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की है। सैनी नगर निगम की तीसरी सीधे निर्वाचित मेयर और बीसी (बी) वर्ग से पहली महिला मेयर बनी हैं।
चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को 52 हजार 794 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 31 हजार 436 वोट प्राप्त हुए। निर्दलीय उम्मीदवार सोनिया चौधरी ने 21 हजार 730 वोट हासिल कर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि यदि सोनिया चुनाव मैदान में नहीं होतीं तो मुकाबला सीधा भाजपा और कांग्रेस के बीच होता और परिणाम अलग हो सकते थे। कांग्रेस और सोनिया को मिले कुल वोट भाजपा उम्मीदवार से 372 अधिक रहे।
नगर निगम के 20 वार्डों में भाजपा ने 16 वार्डों में जीत हासिल कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया। कांग्रेस को तीन वार्डों में सफलता मिली, जबकि एक वार्ड निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गया।
चुनावी विश्लेषक हेमंत कुमार ने बताया कि संविधान का दल-बदल विरोधी कानून नगर निगमों पर लागू नहीं होता, इसलिए भविष्य में पार्षदों के दल बदलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मेयर पद के चुनाव के लिए 10 मई को वोट डाले गए थे जिनकी आज गिनती की गयी।



