भाजपा का चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर समेत तीनों अहम पदों पर कब्ज़ा

0

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को चंडीगढ़ नगर निगम महापौर चुनाव में शानदार जीत हासिल करते हुए तीनों पदों पर कब्जा कर लिया।

भाजपा के सौरभ जोशी 18 मतों के साथ चंडीगढ़ के महापौर चुने गए। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के योगेश ढींगरा को 11 वोट और कांग्रेस उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह गाबी को सात वोट मिले। इन सात वोट में चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी का वोट भी शामिल है। इस बार महापौर चुनाव के लिए पार्षदों ने हाथ उठाकर वोटिंग की, जिसकी देखरेख पीठासीन अधिकारी रमनिक सिंह बेदी ने की।

भाजपा उम्मीदवार जसमनप्रीत सिंह ने वरिष्ठ उप महापौर का पद पर विजय हासिल की। उन्हें 18 वोट मिले, जबकि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मुनव्वर खान को 11 वोट मिले। उप महापौर का पद भी भाजपा के उम्मीदवार सुमन शर्मा ने जीता। सुमन शर्मा को 18 वोट मिले और आप की जसविंदर कौर को 11 वोट मिले। कांग्रेस ने वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर के चुनाव में हिस्सा नहीं लिया।

मतदान के बाद, आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी जरनैल सिंह ने एक ट्वीट में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा का साथ दिया है। ये नतीजे कांग्रेस-आप गठबंधन से कड़ी चुनौती के बावजूद चंडीगढ़ नगर निगम में भाजपा के दबदबे की पुष्टि करते हैं। तीनों पदों के लिए मतदान पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुआ। वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर पदों के लिए तीनों पार्टियों के उम्मीदवारों के साथ-साथ एक निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में थे।