
सबगुरु न्यूज-आबूरोड। नगर पालिका और पंचायत समितियों के चुनाव लगभग दहलीज पर हैं। ऐसे में नेताओं में और नेताओं के प्रति असंतोष सामने आने लगा है। रेवदर विधानसभा में ऐसी ही दो घटनाएं सामने आई है। चुनावों के लिहाज से इसे सत्ताधारी दल के लिए शुभसंकेत नहीं माना जा सकता। एक मामला नगर पालिका से संबंधित है तो दूसरा पंचायत समिति से।
आबूरोड के ही एक व्यक्ति ने स्वायत्त शासन विभाग में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाकर सत्ताधारी भाजपा के शहर के दो पदाधिकारियों को कठघरे में खडा कर दिया है। मामला स्ट्रीप ऑफ लैंड को लेकर है। शिकायतकर्ता ने स्वायत्तशासन विभाग में संपर्क पोर्टल से शिकायत दर्ज करके बताया कि आबूरोड के वार्ड संख्या 37 में रीको काॅलोनी क्षेत्र में 1100 वर्गफीट की एक स्ट्रीप ऑफ लैंड आवंटित की गई है। ये भूमि नगर पालिका आबूरोड में लगे शहरी सेवा शिविर के दौरान दी गई है। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि शिविर में 1100 वर्गफीट की स्ट्रीप ऑफ लैंड नहीं दी जा सकती थी। इसमें सिर्फ साढे पांच सौ वर्गफीट की स्ट्रीप ऑफ लैंड दिए जाने का प्रावधान था। शिकायत में आबूरोड भाजपा नगर मंडल के दो पदाधिकारियों पर इसका दबाव बनाकर तत्कालीन अधिशासी अधिकारी से नियमविरूदद्ध काम करने का आरोप लगाया गया है।
इधर, भटाणा पंचायत समिति के मकावल गांव के ग्रामीण सेवा शिविर में का मामला भी गर्म है। इसमें शिविर के दौरान भाजपा के भटाणा मंडल अध्यक्ष ने प्रशासन की संवेदनहीनता को लेकर नाराजगी जताई। इससे संबंधित वीडियो आबूरोड में वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भाजपा के भटाणा मंडल अध्यक्ष जमीन पर बैठे हुए हैं और शिविर के अधिकारी कुर्सियों पर। वीडियो में भटाणा मंडल अध्यक्ष कुलदीप कुमार ये कहते हुए नजर आए कि राज्य सरकार का कैम्प है इसलिए संगठन कार्यकर्ता होने के कारण उनका दायित्व है कि वो इन कैम्पों में जाकर ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं से अवगत करवाएं और उन्हें लाभांवित भी करवाएं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी कैम्प हुए लेकिन, उन्हें केम्पों की सूचना नहीं दी गई। यहां भी वो इत्तेफाक से पहुंचे हैं लेकिन, उन्हें समुचित सम्मान नहीं मिला। वहीं कैम्प में मौजूद बीडीओ ये कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि उनके पास ही कुर्सियां खाली हैं। वो ससम्मान इस पर आकर बैठ सकते हैं ये उन्हीं लोगों के लिए हैं। उन्होंने मंडल अध्यक्ष के जमीन पर बैठने के पीछे की वजह पर अनभिज्ञता जताई। वीडियो में बाद में बीडीओ में शालीनता से भाजपा मंडल अध्यक्ष के पास आकर खडे नजर आए।


