निकाय के बाद अब पंचायत चुनाव पर भाजपा का फोकस
जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी ने अब आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों पर अपना फोकस बढ़ा दिया है। जयपुर दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को पार्टी के जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ संवाद कर निकाय चुनाव के प्रदर्शन की समीक्षा की तथा पंचायत चुनाव के लिए संगठनात्मक तैयारियां तेज करने पर जोर दिया।
नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि संगठन में ‘नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट’ की भावना के साथ काम करते हुए जनसेवा को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निकाय चुनाव के परिणामों को प्रदेश नेतृत्व, संगठन और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास का नतीजा बताया। साथ ही कहा कि चुनावी सफलता के बाद समीक्षा और आत्ममंथन भी जरूरी है, ताकि संगठन को आगे और मजबूत किया जा सके।
निकाय चुनाव का अनुभव पंचायतों में उतारने की तैयारी
भाजपा की रणनीति अब शहरी निकाय चुनाव में सक्रिय रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं के अनुभव का इस्तेमाल ग्रामीण क्षेत्रों में करने की है। नवीन ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ऐसे कार्यकर्ताओं को चिन्हित कर पंचायत चुनाव की जिम्मेदारियों से जोड़ने पर जोर दिया, जिन्होंने निकाय चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाई थी। पंचायत समिति, जिला परिषद और बूथ स्तर की राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों का सूक्ष्म आकलन करने की बात भी कही गई।
नवीन ने जनप्रतिनिधियों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने को कहा। उनका कहना था कि जनता की अपेक्षाओं को समझने और योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी भागीदारी बढ़ाने से शासन और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा।
भजनलाल शर्मा बोले-पंचायत चुनाव के लिए अभी से जुटें
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत चुनावों की तैयारी में अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाई जाएगी। सरकार और संगठन की ओर से विकास कार्यों को जनता के बीच ले जाने के लिए विकास एवं प्रचार रथों का इस्तेमाल किए जाने की भी तैयारी है।
नितिन नवीन के जयपुर दौरे को भाजपा के पंचायत चुनाव अभियान की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके कार्यक्रमों में पार्टी के सांसदों, विधायकों, संगठन पदाधिकारियों और पंचायत चुनाव से जुड़े नेताओं के साथ रणनीतिक चर्चा भी शामिल रही।
मदन राठौड़ ने दिया समन्वय पर जोर
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने निकाय चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन के लिए जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों और चुनाव संचालन से जुड़े कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पार्टी का प्रदर्शन बेहतर रहा, वहां अपनाई गई रणनीति और संगठनात्मक तालमेल का अध्ययन कर पंचायत चुनाव में उसका उपयोग किया जाना चाहिए।
बैठक में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सहप्रभारी कविता पाटीदार, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, डॉ. सतीश पूनिया और प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।
निकाय चुनाव के बाद भाजपा की इस कवायद से साफ है कि पार्टी ने अब संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र ग्रामीण राजस्थान की ओर मोड़ दिया है और पंचायत चुनाव के लिए बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक तैयारियों को गति दी जा रही है।




