भाजपा का सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम
अजमेर। भारतीय जनता पार्टी अजमेर देहात के तत्वावधान में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत भूणाबाय स्थित भाजपा कार्यालय पर जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने दिव्यांगजनों को विभिन्न उपकरण वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।
मंत्री रावत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सेवा को अपना ध्येय मानती है। नर सेवा ही नारायण सेवा है, और दिव्यांगजनों की सेवा करना वास्तव में पुण्य का कार्य है।
इस अवसर पर रावत ने 15 ट्राइसाइकिल, 40 चश्मे, 50 छड़ियां और 50 कान की मशीनों का नि:शुल्क वितरण किया। उन्होंने कहा कि इन उपकरणों से दिव्यांगजनों का जीवन आसान होगा और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत ने कहा कि दिव्यांगजन भगवान का रूप होते हैं और उन्हें आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराना महज वितरण नहीं, बल्कि सच्चे सेवा भाव का प्रतीक है। कार्यक्रम संयोजक ज्योति रावत ने सभी दिव्यांगजन व उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार जताया। जिला परिषद सदस्य श्रवण सिंह रावत ने भी संबोधित किया। मंच संचालन जिला महामंत्री अर्जुन नलिया ने किया।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र चुंडावत, प्रधान प्रतिनिधि अर्जुन सिंह रावत, जिला मंत्री राजेंद्र ओझा, जिला मीडिया प्रभारी एडवोकेट प्रकाश रावत, मंडल अध्यक्ष सुरजीत सिंह रावत, कन्हैया लाल यादव, राजेश शर्मा, बद्री गुर्जर, रणजीत सामरिया, हंसराज चौधरी, देवव्रत सिंह राठौड़, सोहन सिंह रावत, किशन सिंह नौलखा, प्यारेलाल मेघवंशी, रोहित जांगिड़ सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर मंत्री रावत ने जिला अध्यक्ष व कार्यकर्ताओं के साथ उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। रावत ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी और समाज में बुराई पर अच्छाई की विजय के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।