ओडिशा में सभी विधानसभा, लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी भाजपा : सुनील बंसल

भुवनेश्वर। ओडिशा में भाजपा आगामी 2024 का चुनाव अकेले लड़ेगी और किसी अन्य राजनीतिक दल के साथ कोई गठबंधन या समझौता नहीं करेगी। यह जानकारी राज्य में पार्टी प्रभारी सुनील बंसल ने शनिवार को दी।

यहां पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए बंसल ने कहा कि ओडिशा में आगामी 2024 के चुनावों में किसी भी पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ओडिशा में सभी 147 विधानसभा सीटों और 21 संसदीय सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और 50 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

विपक्ष के नेता जयनारायण मिश्रा और भुवनेश्वर से सांसद अपारजीता सारंगी ने कहा कि कुछ लोग निहित स्वार्थ के लिए बीजद और भाजपा के बीच संभावित गठबंधन के बारे में अफवाह फैला रहे हैं लेकिन भाजपा अकेले चुनाव लड़ेगी और किसी भी पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी। मिश्रा ने कहा कि 2024 के चुनाव में भाजपा और बीजद के बीच सीधा मुकाबला होगा क्योंकि कांग्रेस दौड़ में कहीं भी नहीं दिखाई दे रही है।