जयपुर। राजस्थान से राज्य सभा द्विवार्षिक चुनाव- 2026 के लिए गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के डॉ अलका गुर्जर एवं डॉ सतीश पूनियां और कांग्रेस प्रत्याशी नीरज डांगी को गुरुवार को निर्वाचित घोषित किया गया।
राज्य सभा चुनाव के निर्वाचन अधिकारी भारत भूषण शर्मा ने विधानसभा भवन में इन तीनों को निर्वाचित घोषित किया। शर्मा ने इस चुनाव में नाम वापसी का समय निकलने के बाद तीनों प्रत्याशियों के निर्वाचित होने की घोषणा की। राज्य सभा चुनाव में राजस्थान से तीनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इस मौके पर निर्वाचन अधिकारी ने तीनों प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के राज्य सभा सांसद राजेन्द्र गहलोत एवं रवनीत सिंह तथा कांग्रेस के राज्य सभा सांसद नीरज डांगी का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा हैं। इस कारण इन तीनों सीटों के लिए 18 जून को चुनाव कराने की घोषणा की गई थी, लेकिन इन तीनों सीटों पर डॉ अलका एवं डॉ पूनियां और डांगी ये तीन ही उम्मीदवार सामने आने से मतदान की जरुरत नहीं पड़ी और इन तीनों उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
इस चुनाव के बाद राजस्थान से राज्य सभा की 10 सीटों पर भाजपा और कांग्रेस की स्थिति पर कोई फर्क नहीं पड़ा और दोनों प्रमुख दलों के पांच-पांच सदस्य हैं।



