मुरैना में ब्लैकमेलिंग मामले की आरोपी कथित भाजपा नेत्री सोनम कुशवाह की नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल

0

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में ब्लैकमेलिंग मामले में नामजद कथित भाजपा नेत्री सोनम कुशवाह की विभिन्न भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और चर्चाओं में आ गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जौरा थाना क्षेत्र में दर्ज ब्लैकमेलिंग प्रकरण में आरोपी सोनम कुशवाह के सोशल मीडिया प्रोफाइल पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, सांसद भरत सिंह कुशवाह सहित कई भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें साझा की गई हैं। इन तस्वीरों के वायरल होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी महिला और उसके साथियों पर एक फर्नीचर कारोबारी को बंधक बनाकर अश्लील वीडियो बनाने तथा उसे वायरल करने की धमकी देकर रकम मांगने का आरोप है। मामले में सोनम कुशवाह समेत चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी महिला ने राजनीतिक पहुंच और नेताओं के साथ तस्वीरों का उपयोग लोगों पर दबाव बनाने अथवा ब्लैकमेलिंग के लिए किया या नहीं। हालांकि भाजपा की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।