भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र में रेत के अवैध कारोबार को लेकर चल रहा गिरोहों का परस्पर संघर्ष बुधवार को सड़क पर आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटड़ी चौराहे पर देव फर्नीचर के सामने दिनदहाड़े दो गुटों में जमकर खूनी संघर्ष हो गया। देखते ही देखते लाठी-डंडे चल गये, एक स्कॉर्पियो सहित दो वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और गाेलीबारी की। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ आकोला के पास नदी क्षेत्र में रेत को लेकर हुई कहासुनी थी। वहीं से पीछा करते हुए दोनों पक्ष कोटड़ी चौराहे पर पहुंचे और बीच सड़क पर भिड़ गए। सूत्रों के अनुसार यह भिड़ंत दो गुटों के बीच हुई। कुछ देर के लिए चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई, दुकानदारों ने शटर गिरा दिए।
सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और हालात संभाले। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस पूरे मामले पर पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने कहा दो गुटों में मारपीट और गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई है, लेकिन अब तक गोलीबारी की पुष्टि नहीं हुई है। मौके से कोई कारतूस का खोल भी नहीं मिला है। हर नजरिये से जांच की जा रही है।
दिनदहाड़े राजमार्ग किनारे हुए इस गिराेहों के संघर्ष ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेत माफिया इतना बेखौफ हो गया है कि अब बीच बाजार में गोलियां चलाने से भी नहीं डर रहा। फिलहाल पुलिस दोनों गुटों की तलाश में जुटी है।



