झुंझुनूं जिले के गांव में पेड़ से लटके मिला सेना के जवान व युवती का शव

1

झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के भोड़की गांव में शुक्रवार सुबह एक सेना के एक जवान एवं एक युवती के शव पेड़ से लटके मिले।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब छह बजे गांव के ही एक युवक ने कीकर के पेड़ से लटके इन शवों को देखा और तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस को घटनास्थल पर सल्फास की गोलियां भी मिली हैं जिससे जहर सेवन की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने शव की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान भिवानी निवासी और फौज में नौकरी कर रहे सुनील कुमार (32) के रूप में की। युवती की पहचान खींवासर गांव निवासी इंदुबाला के तौर पर हुई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर गुढ़ागौड़जी सीएचसी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

मृतकों के परिजनों ने बताया कि सुनील करीब एक सप्ताह पहले छुट्टी पर घर आया था। सुनील की पत्नी ने उसे इंदुबाला से वीडियो कॉल पर बात करते हुए देख लिया, जिसके बाद परिवार में विवाद हुआ।

गुरुवार शाम करीब पांच बजे सुनील घर से निकला और उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की विस्तृत जांच जारी है।