अजमेर। समीपवर्ती राजगढ़ स्थित श्री मसाणिया भैरव धाम में चैत्र नवरात्रा के पावन अवसर पर विधि-विधान के साथ घट-स्थापना कर भव्य मेला महोत्सव का शुभारंभ किया गया। प्रातःकाल मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज ने अपने परिवार के साथ चक्की वाले बाबा मुख्य मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने प्राचीन तेजाजी महाराज मंदिर, माता कालिका एवं बाबा भैरवनाथ के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना और आरती कर समस्त देवी-देवताओं का आह्वान किया।
धार्मिक अनुष्ठानों के बीच अखण्ड ज्योति प्रज्ज्वलित कर घट-स्थापना की गई, जो चैत्र मास की एकम से प्रारंभ होकर दशमी तक निरंतर प्रज्वलित रहेगी। इस दौरान देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचकर बाबा भैरव, माता काली और अखण्ड ज्योति के दर्शन कर मनोकामनाएं पूर्ण करने की कामना करेंगे।
धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन के अनुसार यह नौ दिवसीय नवरात्रा मेला महोत्सव 19 मार्च से 29 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के अंतर्गत 24 मार्च को बाबा भैरवनाथ का विशाल छठ मेला आयोजित होगा, जिसे लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इस लख्खी मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिसके मद्देनजर मंदिर समिति और भैरव भक्त मंडल द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है, वहीं चिकित्सा विभाग द्वारा नवरात्रा के नौ दिनों तक अस्थायी डिस्पेंसरी संचालित की जाएगी। चिकित्सा टीम आवश्यक दवाइयों और एम्बुलेंस के साथ हर समय सेवा के लिए उपलब्ध रहेगी।
घट-स्थापना के इस शुभ अवसर पर व्यवस्थापक ओमप्रकाश सैन, रमेश सेन, अविनाश सैन, राहुल सैन, मुकेश सेन, मिलन, भव्य, वैदान्त, बुलबुल, मिताली, वंशिका, ताराचन्द, देवानन्द, कमल शर्मा, यश मारोठी, कैलाश सेन, कमल सुनारीवाल, संजय चौहान, सुरेश गुर्जर, मनोज मेहरा, अमिताभ, दीपक सेन, राजकुमार चावडा, दीपक बसीटा, संजीव कश्यप, भूपेन्द्र बंजारा, मनीष चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




