चंद्रयान-3 का मजाक उड़ाने पर अभिनेता प्रकाश राज के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट

बेंगलूरु। विभिन्न हिन्दू संगठनों ने देश के महत्वाकांक्षी चंद्रयान-3 मिशन का मजाक उड़ाने के लिए अभिनेता प्रकाश राज के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक बागलकोटे जिले के बानाहट्टी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है।रिपोर्ट में कहा गया है कि माइक्रोब्लागिंग साइट एक्स पर एक कार्टून की साझेदारी और उस पर कमेंट किए जाने से विक्रम की सफल लैंडिंग की उम्मीद कर रहे लोगों की भावनाएं आहत हुई है। शिकायतकर्ताओं ने अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कार्टून में शर्ट और लुंगी पहने एक आदमी को चाय डालते हुए दिखाया गया है। तस्वीर को संलग्न करते हुए, प्रकाश राज ने लिखा कि पहला दृश्य अभी चंद्रयान से आया है। विक्रमलैंडर, जस्ट टास्किंग। इसके बाद लोगों ने इसे लेकर अभिनेता की यह कहते हुए आलोचना की कि चंद्रयान-3 मिशन देश के गौरव से जुड़ा है।

लोगों के गुस्से पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रकाश राज ने एक्स पर स्पष्ट किया कि उनका कमेंट केवल एक मजाक के रूप में था। उन्होंने कहा कि नफरत केवल नफरत देखती है। मैं हमारे केरल चायवाला का जश्न मनाते हुए आर्मस्ट्रांग के समय के एक चुटकुले का जिक्र कर रहा था। ट्रोल्स ने कौन सा चायवाला देखा? अगर आपको चुटकुला नहीं मिलता है, तो चुटकुला आप पर है। बड़े हो जाओ जस्ट टास्किंग।