छिंदवाड़ा : बेटे ने मां के प्रेमी की हत्या कर शव को स्टाफ डेम के पास पानी में फेंका

0

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा जिले के बिछुआ थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद से नाराज बेटे ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर मां के प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर शव को चादर में लपेटकर स्टाफ डेम के पास पानी में फेंक दिया।

मामले की जानकारी देते हुए बिछुआ थाना प्राभारी सतीश उइके ने बताया कि गत 31 जुलाई को पुलपुलडोह निवासी सकुन बनवारी ने ध्रुपदास रेरवारे (55) के लापता होने की सूचना दी थी। रिपोर्ट के आधार पर बिछुआ थाना में अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे और एसडीओपी चौरई भारती जाट के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश उइके के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल और ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने तलाश शुरू की। इसी दौरान दांत फाड़िया नदी स्थित स्टाफ डेम के पास पानी में ध्रुपदास का शव बरामद हुआ। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट हुआ कि उसकी मौत दुर्घटना या डूबने से नहीं, बल्कि सिर पर गंभीर चोट लगने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या की धारा जोड़कर मामले की जांच तेज कर दी।

जांच में सामने आया कि मृतक ध्रुपदास रेरवारे और गांव की रहने वाली गीता बादशाह (50) के बीच पिछले आठ से 10 वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों के संबंधों की चर्चा पूरे गांव में होने लगी थी, जिससे परिवार और समाज में बदनामी हो रही थी।

गीता का बेटा कृष्णकांत उर्फ प्यारे बादशाह अपनी मां के इस रिश्ते का विरोध करता था। उसने कई बार दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। इसी नाराजगी के चलते वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल दूधगांव में रहने लगा था।

पुलिस के अनुसार गत 28 जुलाई की रात करीब 11 बजे कृष्णकांत अपने दोस्तों अजय विश्वकर्मा और शकील खान के साथ मोटरसाइकिल से मां से मिलने पुलपुलडोह पहुंचा। वहां उसने ध्रुपदास को घर के अंदर पलंग पर सोते हुए देखा। यह दृश्य देखते ही वह गुस्से से बेकाबू हो गया और लोहे की फूंकनी से ध्रुपदास के सिर पर लगातार तीन-चार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से ध्रुपदास की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद कृष्णकांत ने अपने दोनों साथियों की मदद से शव को चादर में लपेटा और मोटरसाइकिल पर रखकर दांत फाड़िया नदी स्थित स्टाफ डेम तक ले गया। वहां शव को पानी में फेंक दिया, ताकि हत्या के साक्ष्य मिटाए जा सकें और मामला गुमशुदगी या हादसे जैसा प्रतीत हो।

पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में गीता बादशाह, कृष्णकांत उर्फ प्यारे बादशाह, अजय उर्फ अज्जू विश्वकर्मा और शकील खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की फूंकनी तथा शव ले जाने में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। बिछुआ थाना पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना पूरी कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जाएगा।