चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर थाना क्षेत्र में चोरी के शक में ग्रामीणों के हमले में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि क्षेत्र की कंजर कालोनी मेवदा निवासी संदेश कंजर, सत्तु कंजर एवं उनका चाचा जगदीश कंजर बुधवार रात डेढ बजे मोटर साइकिल पर रामाखेड़ा गांव के समीप से निकले तो वहां गश्त कर रहे गांव के युवाओं ने उन्हें घेर लिया और चोरी का आरोप लगाते हुए तीनों पर लाठियों से हमला कर दिया जिससे दो युवक घायल हो गए जबकि संदेश मौके से भाग निकला।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर पहुंची मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को भूपालसागर अस्पताल पहुंचाया जहाँ से दोनों को उदयपुर भेज दिया गया। उदयपुर में सत्तु कंजर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया है।



