जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
इस अवसर पर शर्मा ने रिफाइनरी परिसर में हुई घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) में लगी आग को तत्परता से बुझाने में अग्रणी रहे अग्निशमन कर्मियों एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों से भी वार्ता की।
उन्होंने कहा कि एचपीसीएल के अधिकारियों द्वारा दी गई प्राथमिक जानकारी के अनुसार नुकसान सीमित क्षेत्र तक है। हमारी सरकार एचपीसीएल को पूर्ण सहयोग देकर प्रदेश की इस महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी परियोजना को शीघ्र पुनः संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रिफाइनरी का लोकार्पण प्रस्तावित था लेकिन सोमवार को रिफाइनरी में आग लग जाने की घटना के बाद लोकार्पण कार्यक्रम टाल दिया गया।



