आंदोलन के पीछे कोई विदेशी हाथ नहीं : कॉकरोज जनता पार्टी

0

नई दिल्ली। कॉकरोज जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को कहा कि उनके आंदोलन के पीछे न तो कोई विदेशी हाथ था और न ही विदेशी धन, यह केवल देश के विद्यार्थियों का आंदोलन था।

सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास तथा आशुतोष रांका ने कहा कि राजधानी में जन्तर मंतर पर उनके धरने दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की लोकिन आंदोलनकारियों ने धैर्य बनाए रखा।

सीजेपी के ये दोनों प्रतिनिधि यहां कांस्टीट्यूशन क्लब में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा तथा जितेंद्र सिंह के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से अलग से ्बातचीत कर रहे थे। इससे पहले दोनों मंत्रियों के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में अपनी मांगों पर सरकार के सहमत होने की जानकारी देने के साथ 20 जून से चल रहे आंदोलन को तत्काल वापस लेने की घोषणा की।

सीजेपी प्रतिनिधियों ने उनके आंदोलन को समर्थन देने के लिए राजनीतिक पार्टियों, युवाओं और हर नागरिक को धन्यवाद दिया। इस आंदोलन में पाकिस्तानी तत्वों की ओर से मदद के आरोपों पर उन्होंने कहा कि आंदोलन में विदेशी वित्त पोषण की कोई भूमिका नहीं है। विदेश मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया है कि विदेश से कोई वित्त पोषण नहीं हुआ है।

आंदोलन के दौरान सीजेपी की वेबसाइट में उपद्रवी की फोटो डालने को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हमने जो वादे किए हैं, उसे पूरा करेंगे। आगे की रणनीति बाद में तय करेंगे। उन्होंने सीजेपी के प्रदर्शन को बदनाम करने की कोशिशों को लेकर कहा कि आंदोलन को बदनाम करने की बहुत कोशिश की गयी। हमें पाकिस्तानी का टैग दिया गया। कई सारे आरोप लगे लेकिन प्रदर्शन करने वाले सिर्फ विद्यार्थी थे।

प्रदर्शन के दौरान मीडिया पर हुए हमले को लेकर उन्होंने कहा कि हमारे सभी प्रदर्शनकारी समझदार हैं। प्रदर्शन में उपद्रवी आए उन्होंने माहौल खराब करने की कोशिश की। इसके बावजूद हमारे युवा डटे रहे। मीडिया के खिलाफ जिन्होंने हिंसा की। वे हमारे समर्थक नहीं है।

सीजेपी प्रतिनिधियों कहा कि मीडिया के मालिकान और एंकरों को सोचना चाहिए कि युवाओं में उनके खिलाफ इतना गुस्सा क्यों है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के मंच से हर समय शांति बनाए रखने की अपील की जाती रही। सीजेपी के प्रदर्शन में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। हम चाहते हैं चीजें शांति के साथ और संविधान के अनुसार चलें।

दास और रांका ने आंदोलन में विपक्षी पार्टियों की भूमिका को लेकर पूछे गए एक सवाल पर कहा कि हम लोग श्रेय के लिए नहीं लड़ रहे थे। हमारी लड़ाई बच्चों के भविष्य के लिए थी। राजनीतिक पार्टियों का धन्यवाद करते हें, जिन्होंने देश के नागरिक के तौर पर हमारा साथ दिया है। जिन पार्टियों ने अपने स्तर पर लड़ाई लड़ी, उनका स्वागत है। युवाओं को जगाने में सीजेपी की भूमिका रही है।

सीजेपी की राजनीतिक आकांक्षाओं के बारे में पूछे जाने पर उनका कहना था कि हमारी शुरुआत जवाबदेही की मांग के साथ हुई है। युवाओं का मुद्दा विशेष तौर पर शिक्षा से जुड़ा विषय काफी बड़ा है। हम ऐसी प्रणाली बनाना चाहते हैं जो सरकार को जवाबदेह बना सके। इस दौरान सीजेपी की वेबसाइट में उपद्रवी की फोटो डालने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हमने जो वादे किए हैं, उसे पूरा करेंगे। आगे की रणनीति बाद में तय करेंगे।