सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती पर रंग भरो व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन

अजमेर। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा अजमेर, सैंट्रल एकेडमी स्कूल कोटडा व ऑप्टिमिस्टिक आउटरीच ट्रस्ट की ओर से समर कैम्प में शनिवार को सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती के अवसर पर रंग भरो प्रतियोगिता व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

समर कैम्प प्रभारी अनुपम गोयल ने बताया कि कार्यक्रम कि अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष कृष्ण गोपाल गोयल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, स्वामी विवेकानंद सरस्वती व सम्राट पृथ्वीराज चौहान के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया। रंग भरो प्रतियोगिता में 200 से अधिक बच्चों ने भाग लिया।

प्रांतीय पदाधिकारी दिलीप पारीक ने सभी प्रतिभागियों को सम्राट पृथ्वीराज चौहान जीवनी से अवगत कराया। उन्होंने पृथ्वीराज चौहान के जन्म से लेकर मृत्यु तक के संंघर्ष से भरे महत्वपूर्ण किस्सों को संक्षिप्त में बताया।

इस दौरान प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए। सुरेश गाबा ने रंग भरो प्रतियोगिता में भाग ले रहे छात्र छात्राओं के कौशल कि प्रशंसा की। उन्होंने कहा इस प्रकार के आयोजन से सभी बच्चों की प्रतिभा का विकास होता है।

शाखा सचिव राजकुमार गोयल ने बताया कि शाखा की ओर से 15 मई से 5 जून तक चलने वाले समर कैम्प में समय समय पर विभिन्न प्रकार की निशुल्क प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। रंग भरो प्रतियोगिता का संचालन लोक कला संस्थान के संजय सेठी ने किया।

कार्यक्रम में कृष्ण गोपाल गोयल, राजकुमार गोयल, लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, दिलीप पारीक, सुरेश गाबा, विष्णु प्रसाद गोयल, कमलेश जैन, किरण गोयल, रचना गोयल, आलोक मिश्रा, सुधाकर आदि शाखा सदस्यों की सहभागिता रही।