राजगढ़ मसाणिया भैरव धाम में नशामुक्ति की अलख, श्रद्धालुओं ने जीवनभर नशा नहीं करने का लिया संकल्प

0

अजमेर। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से परिवार और समाज पर पड़ रहे दुष्प्रभावों के बीच राजगढ़ मसाणिया भैरव धाम में नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। रविवार को आयोजित रविवारीय मेले में नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत श्रद्धालुओं ने रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नशे का त्याग कर जीवनभर किसी भी प्रकार का नशा नहीं करने का संकल्प लिया।

रैली को धाम के मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज तथा श्री भवानी माता मंदिर ट्रस्ट नागपुर द्वारा संचालित चिकित्सालय एवं गौशाला के ट्रस्टी नरेश मिगलानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल श्रद्धालु नशामुक्ति के समर्थन में नारे लगाते हुए आगे बढ़े और समाज को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया।

स्वेच्छा से नशा छोड़ रहे श्रद्धालु प्रेरणादायक : मिगलानी

इस अवसर पर नरेश मिगलानी ने कहा कि उन्होंने राजगढ़ मसाणिया भैरव धाम पर चम्पालाल महाराज की प्रेरणा से कई वर्षों से संचालित नशामुक्ति अभियान के बारे में सुना था, लेकिन यहां पहुंचकर उन्होंने स्वयं देखा कि हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्वेच्छा से नशे का त्याग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नशामुक्ति के लिए सरकारी विभागों और सामाजिक संगठनों की ओर से भी प्रयास किए जाते हैं, लेकिन राजगढ़ धाम पर श्रद्धालुओं द्वारा बिना किसी दबाव के नशा छोड़ने का संकल्प लेना विशेष रूप से प्रेरणादायक है। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐसे प्रयासों की सराहना की जानी चाहिए।

मिगलानी के साथ नागपुर के उमाशंकर मारोठी और चेतन बेलखेड़े ने भी रैली में भाग लिया। धाम प्रवक्ता अविनाश सेन के अनुसार, अभियान के दौरान श्रद्धालुओं ने नशे की वस्तुएं चम्पालाल महाराज के श्रीचरणों में अर्पित कर भविष्य में इनका सेवन नहीं करने का संकल्प लिया।

‘नशे को जो अपनाएगा, अपना भविष्य गंवाएगा’

मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और समाज के भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने आह्वान किया कि राजगढ़ धाम से नशामुक्ति का ऐसा संदेश प्रसारित होना चाहिए, जो प्रत्येक परिवार, गांव, शहर और देश तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि नशा विनाश का कारण है, जबकि शिक्षा विकास का आधार है। समाज को बेहतर दिशा देने के लिए सभी लोगों को नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होना होगा। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

हटूंडी के नवनिर्वाचित सरपंच अब्दुल रज्जाक ने लिया आशीर्वाद

रविवारीय मेले में हटूंडी पंचायत समिति के नवनिर्वाचित सरपंच अब्दुल रज्जाक भी राजगढ़ धाम पहुंचे। उन्होंने माता कालिका, बाबा भैरव के दर्शन कर चम्पालाल महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान रज्जाक ने कहा कि राजगढ़ मसाणिया भैरव धाम सर्वधर्म समभाव और आस्था का ऐसा केंद्र है, जहां सभी धर्मों के लोग बिना किसी भेदभाव के पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि यहां श्रद्धालुओं को समान रूप से सम्मान और आस्था का अवसर मिलता है।

उन्होंने अपने परिवार की राजनीतिक उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि चम्पालाल महाराज के आशीर्वाद से उनके परिवार से लगातार पांचवीं बार हटूंडी ग्राम पंचायत का सरपंच निर्वाचित हुआ है। उनके साथ हटूंडी गांव के साजन, सत्तार, रज्जाक सहित कई ग्रामीण भी मौजूद रहे।

बाल भजन गायक ने दी भजनों की प्रस्तुति

मेले में सीकर जिले के बाल भजन गायक विरेन सेन ने अपनी मधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। धार्मिक आयोजनों और नशामुक्ति अभियान के संदेश ने मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं को सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया।

रैली और मेले की व्यवस्थाओं में रमेश सेन, राहुल सेन, ताराचंद सेन, कैलाश सेन, प्रकाश रांका, सुनील रांका, अजय बुढानिया, सतीश सेन, सत्यनारायण, लक्ष्मीनारायण, नवीन और शुभम सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।