नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने और वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है तथा सवाल किया है कि उनके विदेश दौरे का खर्च कौन उठाता है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं लोकसभा सांसद संबित पात्रा ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गांधी के विदेश दौरे का ब्योरा दिया और कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहते हुए गांधी पिछले 22 वर्ष में 54 बार विदेश यात्रा पर गए और इन दौर पर 64 करोड़ रुपए से अधिक खर्च आया, जो एक बड़ी जांच का विषय है।
उन्होंने बताया कि गांधी ने जिन देशों के दौरे किए उनमें इटली, ब्रिटेन, अमरीका, जर्मनी, वियतनाम, कंबोडिया, सिंगापुर, बहरीन, मालदीव, कतर, संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश शामिल है। इसके अलावा तीन मई 2026 को एक्स और सोशल मीडिया के पोस्ट पर जो तस्वीरें शामिल आई हैं और जो अघोषित यात्रा रही उसमें मस्कट और ओमान भी शामिल है।
उन्होंने सवाल किया कि आखिर गांधी की इतनी महंगी यात्राओं का खर्च कौन उठाता है। उन्होंने कहा कि देश यह जानना चाहता है कि राहुल गांधी इन यात्राओं का प्रायोजक कौन है और इसके पीछे के असली इरादे क्या हैं।
भाजपा नेता ने गांधी के चुनावी हलफनामे और घोषित आय को लेकर कहा कि पिछले 10 वर्षों में गांधी की कुल आमदनी लगभग 11 करोड़ रुपए रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जिस व्यक्ति की 10 साल की कमाई 11 करोड़ हो, वह 64 करोड़ रुपए विदेश यात्राओं पर कैसे खर्च कर सकता है।
पात्रा ने आरोप लगाया कि गांधी कई विदेशी दौरों का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं है और वह अक्सर गोपनीय तरीके से विदेश जाते हैं। उन्होंने गांधी पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि वह कई बार एसपीजी सुरक्षा को चकमा दिया या सुरक्षाकर्मियों को साथ न लेकर विदेश गए। उन्होंने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि आखिर विदेश में गांधी किससे मिलते हैं, जिसे वह देश की सुरक्षा एजेंसियों से छिपाना चाहते हैं।



