अमेठी में धर्मांतरण और रेप के आरोपी ने पीड़ित परिवार को दी धमकी

1

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में धर्मांतरण और दुष्कर्म के आरोपी ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी है।

जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की दलित किशोरी के भाई ने बताया कि उसकी नाबालिग बहन को गांव का ही जाबिर नाम का मुस्लिम युवक अपने प्रेम जाल में फंसा कर सोमवार को फरार हो गया था। युवक ने बहन के साथ मारपीट कर उसका धर्मांतरण कराया और दुष्कर्म किया।

पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने धमकाया था कि अगर वे लोग पुलिस के पास गये तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। पीड़ित ने मामले की शिकायत संग्रामपुर थाने की पुलिस से किया। मामला धर्मांतरण से जुड़ा होने के चलते पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक और किशोरी को मंगलवार को बरामद कर लिया। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुट गई है वहीं पीड़ित परिवार अभी भी डरा सहमा हुआ है।

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि संग्रामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की एक नाबालिग युवती को एक व्यक्ति द्वारा जबरदस्ती धर्म परिवर्तन करा कर शादी का झांसा देते हुए भगा ले गया था।जिसके संबंध में थाना संग्रामपुर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए युवती को बरामद कर एवं युवक को हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।