चित्तौड़गढ़ में कुरियर व्यवसायी की हत्या का मुख्य आरोपी संत रमताराम अरेस्ट

0

चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ के चर्चित कुरियर व्यवसायी रमेश ईनाणी की हत्या के 50 हजार के इनामी मुख्य आरोपी संत रमताराम को आखिर पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि गत वर्ष नवम्बर में शहर के भीड़ भरे सेतू मार्ग पर कुरियर व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जिसकी सुपारी देने वाले मुख्य आरोपी संत रमताराम को कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत ने एक सूचना पर शहर में संगम मार्ग स्थित एक स्थान से गिरफ्तार कर लिया। इसकी गिरफ्तारी के साथ ही अब इस मामले का पूरी तरह खुलासा हो गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी रमताराम की चिकित्सकी जांच करवाकर सोमवार को न्यायालय में पेश करके पुलिस हिरासत में लेने का प्रयास किया जायेगा। जिसके बाद आरोपी को शरण देने वाले लोगों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।

त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में पेशेवर हत्यारे उत्तरप्रदेश निवासी मनीष दुबे को घटना के तत्काल बाद और बाद में शूटर उपलब्ध करवाने वाले पाली के संत भजनाराम के अलावा हथियार देने वाले को भी उत्तरप्रदेश से पुलिस ने गिरफ्तार किया था। ईनाणी की हत्या शहर में रामद्वारा के पीछे स्थित एक भूमि विवाद के चलते करवाई गई थी और इसकी साजिश संत रमताराम चार वर्ष से रच रहे थे।