अलवर। राजस्थान में अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी दिनेश चंद्र ने गुरुवार को बताया कि आरोपी सोहेल खान ऑनलाइन से लोगों को नर्सिंग जैसे चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विषयों में प्रवेश दिलाने का झांसा देता था। वह सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए युवाओं को अपने जाल में फंसाता और चिकित्सा संबंधी विषयों में प्रवेश कराने के नाम पर उनसे पैसे वसूलता था।
उन्होेंने बताया आरोपी ने कई लोगों से अलग-अलग रकम ली और बाद में न तो प्रवेश दिलवाया और न ही पैसे वापस किए। पुलिस को इस संबंध में शिकायतें मिलने के बाद साइबर ठगी की जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और पीड़ितों की जानकारी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को शहर से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ करके उसके नेटवर्क का पता लगा रही है।



