अलवर : राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील की दाल में निकला मरा चूहा

0

अलवर। राजस्थान में अलवर के रामगढ़ उपखण्ड क्षेत्र में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब बच्चों के लिए आए मिड-डे मील की दाल में मरा हुआ चूहा पाया गया। यह मामला सोमवार का बताया जा रहा है, जिसके बाद पूरे स्कूल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत अलावड़ा के नंगली गांव के विद्यालय में हेवल्स कम्पनी द्वारा संचालित क्यूआरजी फाउंडेशन गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के माध्यम से मिड-डे मील पहुंचाया जाता है। सोमवार को जब भोजन वितरण से पहले दाल को चखा जाने लगा, तो उसमें मरा हुआ चूहा दिखाई दिया। सतर्कता दिखाते हुए स्कूल स्टाफ ने तुरंत भोजन वितरण रोक दिया और पूरे मामले का वीडियो एवं फोटो बना लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को प्राथमिक जिला शिक्षा अधिकारी, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी का संयुक्त दल जांच के लिए स्कूल पहुंचा। जिला शिक्षा अधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि चूहा मिड-डे मील के कंटेनर में पहले से था या विद्यालय में आने के बाद दाल में गिरा।

उधर, एनजीओ की ओर से भी प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, जिन्होंने प्राथमिक रूप से स्कूल स्टाफ पर ही लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कंटेनर खाली करने के बाद चूहा गिरा होगा। वहीं विद्यालय के पोषाहार प्रभारी और स्टाफ का कहना है कि एनजीओ की गाड़ी से दाल सीधे स्कूल के कंटेनर में डाली गई और तुरंत ढक दिया गया था। जब वितरण से पहले दाल निकाली गई, तभी उसमें चूहा मृत अवस्था में मिला।

ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि समय रहते यह बात सामने नहीं आती तो बच्चों की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ हो सकता था। ग्रामीणों ने संबंधित एनजीओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि ब्लॉक के कई विद्यालयों में इसी एनजीओ द्वारा भोजन की आपूर्ति की जाती है, जो रात या तड़के तैयार कर सुबह स्कूलों में पहुंचाया जाता है। ऐसे में स्वच्छता और गुणवत्ता पर सवाल खड़े होना लाजमी है। फिलहाल जांच जारी है, लेकिन इस घटना ने मिड-डे मील की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।