पाकिस्तान ने भारत पर नजर उठाने की जुर्रत की तो अब तक नहीं हुआ वह होकर रहेगा : राजनाथ सिंह

0

नागौर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने पिछले दस वर्षों में सुरक्षा नीति में ऐतिहासिक बदलाव किए तथा ऑपरेशन सिंदूर जैसा बेमिसाल काम किया हैं और अब अगर पाकिस्तान भारत की तरफ नजर उठाने की जुर्रत की तो अब तक नहीं हुआ है वह होकर रहेगा।

सिंह गुरुवार को नागौर जिले के मेड़ता में श्री राव दूदा मेड़तिया की अश्वारोही प्रतिमा का अनावरण के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारे जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा कर रहे हैं, ठीक उसी तरह सरकार योजना के मामले में उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने पिछले दस वर्षों में सुरक्षा नीति में ऐतिहासिक बदलाव किए हैं और दुनिया को साफ संदेश दे दिया हैं कि अब आंतकवाद के खिलाफ हमारी नीति जीरो टोलरेंस की होगी। हम किसी भी सूरत में आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्टाइक की गई और इसके बाद वर्ष 2019 में बालाकोट स्ट्राइक में आतंकवादी प्रशिक्षण शिविरों को तबाह किया गया और पहलगाम आतंकवादी घटना के बाद किया गया आपरेशन सिंदूर ऐसा लगता है जैसे इतिहास बदल दिया हो और एक नया इतिहास बनाया गया। सिंह ने कहा कि सेना के जवानों, अधिकारियों एवं तीनों सेनाओं ने जिस तरह ऑपरेशन सिंदूर किया, भारत के इतिहास में वह बेमिसाल हैं और अब पाकिस्तान शायद भारत पर नजर उठाकर देखने की जरुरत नहीं करें।

उन्होंने कहा कि अगर अब पाकिस्तान ने भारत की तरफ नजर उठाने की जरुरत की तो अब तक नहीं हुआ है वह होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि हमारी प्रारंभ से ही यह नीति रही हैं कि हम किसी को छेड़ते नहीं, हमको कोई छेडता है तो हम उसे छोड़ते नहीं। आतंकवादियों ने पहलगाम में धर्म पूछकर लोगों को मारा। भारतीय संस्कृति कहती हैं कि धर्म, महजब, जाति पर नहीं बांटना चाहिए और पाकिस्तान के आतंकवादी धर्म पूछकर लोगों को गोलियो से भून रहे हैं।

सिंह ने कहा कि पहलगाम घटना के बाद ऐसा करारा जवाब दिया गया कि दुश्मन के होश उड़ गए और हमने साबित कर दिया कि अब भारत चुपचाप सहने वाला नहीं हैं। अब हमारे नागिरकों पर कोई हमला करेगा तो हम उसके घर में घुसकर मारेंगे। हमें कोई नहीं रोक सकता, कोई सीमा नहीं रोक सकती है।

मेड़ता में राव दूदा मेड़तिया की प्रतिमा का किया अनावरण

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को नागौर जिले के मेड़ता में श्री राव दूदा मेड़तिया की अश्वारोही प्रतिमा का अनावरण किया। सिंह ने चारभुजा नाथ एवं मीराबाई मंदिर में दर्शन भी किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ मंजू बाघमार, पंजाब के पूर्व राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर, किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, विधायक पुष्पेंद्र सिंह राठौर और लक्ष्मण राम कलरू, पूर्व राज्यसभा सांसद गज सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।