नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की सह प्रभारी डॉ. अल्का गुर्जर के राज्य सभा सदस्य चुने जाने पर रविवार को पार्टी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इस मौके पर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने डॉ. गुर्जर द्वारा विगत चार साल में दिल्ली भाजपा को दिए सफल संगठनात्मक मार्गदर्शन के लिए उनका आभार प्रकट किया। बिधूड़ी ने कहा कि आजादी के बाद यह पहला अवसर है कि गुर्जर समाज से चार सांसद है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओबीसी समाज के लिए कई काम किये हैं जिससे समाज के विकास को बल मिला है। श्री मोदी ने विधानसभा से लेकर लोकसभा तक ओबीसी समाज पर भरोसा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब पिछली बार दिल्ली में भाजपा आठ विधायक के साथ विधानसभा में पहुंचे थे, तो मैं अकेला पिछड़े वर्ग से था लेकिन पार्टी ने मुझे नेता विपक्ष बनाने का काम किया। आज दिल्ली की जनता गौरवान्वित हो रही हैं क्योंकि दिल्ली के पास आज मल्होत्रा जैसा नेता है जिसके पास नियत और काम करने की नीति दोनों है।
वहीं, डॉ गुर्जर ने कहा कि भाजपा एकलौती ऐसी पार्टी है जहां हर एक कार्यकर्ता का अभिनंदन है क्योंकि प्रधानमंत्री ने जो विकसित भारत का संकल्प लिया है उसमें हर एक कार्यकर्ता का योगदान है। खासकर दिल्ली कि एक दोहरी अहम भूमिका होनी है क्योंकि विकसित भारत के साथ साथ विकसित दिल्ली की जिम्मेदारी भी हमारे पास है।
उन्होंने कहा कि 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा सरकार के बाद हमारी जिम्मेदारियों में दोगुना इजाफा हुआ है। जिस कार्यकर्ता भाव से हमने सरकार बनाई है उसी भाव से अब हमें सरकार की योजनाओं को भी जन जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज ने आजादी के बाद अपने अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया है लेकिन मोदी ने समाज को ना सिर्फ उनका अधिकार दिलाया है बल्कि समाज के मुख्यधारा से जोड़ने का भी काम किया है।
वहीं, दिल्ली भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि डॉ. गुर्जर दिल्ली भाजपा के सभी ओबीसी कार्यकर्ताओं की बड़ी बहन समान है और उनके द्वारा दिल्ली और राजस्थान में किए संगठनात्मक कार्य के परिणामस्वरूप प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें राज्यसभा की सदस्यता देकर पूरे ओबीसी समाज का सम्मान किया है।
इस मौके पर पूर्व विधायक नसीब सिंह के साथ 360 गांव पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सोलंकी, राम खिलाड़ी यादव, डॉ. यूके चौधरी, मनीष चौधरी, लोकेश नम्बरदार, अमित यादव, तापसी प्रधान, आकाश जेलदार, श्याम कुमार, हिमांशु यादव, वरूण सैनी, विकास यादव, मनोज चौधरी, गौरव डेडा, सोमपाल पांचाल, मोहित नागर और डॉ. पुष्पेंद्र राठौर सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।



