राजस्थान के लिए पहली हाईस्पीड वंदे भारत ट्रेन पहुंची अजमेर

142

अजमेर। राजस्थान के लिए पहली सेमी हाईस्पीड वंदे भारत ट्रेन आज अजमेर के उपनगरीय रेलवे स्टेशन मदार पहुंच गई। यह ट्रेन चेन्नई से रवाना होकर चंदेरिया होती हुई अजमेर आई है और अजमेर के मदार स्टेशन पर ठहराव लिया है जहां इसके अनुरक्षण के कार्य को पूरा किया जाएगा।

अजमेर रेल मंडल सूत्रों के अनुसार अजमेर पहुंची इस वंदे भारत ट्रेन में कई इंस्ट्रूमेंट लगाए जाएंगे। ट्रेन के एसी, प्रकाश व्यवस्था, पंखों व मोटर्स की जांच होगी तथा ट्रेन की पिट लाइन में भी परिवर्तन किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि 28 मार्च को अजमेर से दिल्ली तक ट्रेन का ट्रायल सीमित स्पीड से किया जाएगा जो तीन से चार दिन तक चलेगा और ट्रायल के दौरान जो कमी रहेगी उसे पूरा किया जाएगा और मेंटेनेंस के बाद अप्रैल के पहले हफ्ते से उच्च स्तरीय निर्देशों पर तय शड्यूल के अनुसार नियमित संचालन होगा।

ट्रेन अजमेर से जयपुर, अलवर, रेवाड़ी और गुरुग्राम में ठहराव करेगी। अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी के अथक प्रयासों से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वंदे भारत ट्रेन को अजमेर से चलाने की मंजूरी दी है और सांसद चौधरी का प्रयास है कि इसका ठहराव मार्बल नगरी किशनगढ़ में भी हो।