बच्चों के यौन शोषण-दुर्व्यवहार से जुड़ा मटीरियल शेयर करने के आरोप में 10 अरेस्ट

4

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली पुलिस ने बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़ा मटीरियल शेयर करने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बच्चों को ऑनलाइन यौन शोषण से बचाने और डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने के मकसद से एक बड़ा अभियान चलाया। इस ऑपरेशन में उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गयी जो बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़ी सामग्री को देखने, अपलोड करने और फैलाने में शामिल थे।

मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी ) रोहित राजबीर सिंह के अनुसार, यह अभियान डिजिटल संकेतों और इंटरनेशनल साइबर टिप-लाइन से मिली जानकारी के विस्तृत विश्लेषण के बाद चलाया गया, जिसमें सीएसईएएम से जुड़ी गैर-कानूनी ऑनलाइन गतिविधियों का पता चला था।

उन्होंने बताया कि तकनीकी जांच से प्रतिबंधित सामग्री के आदान-प्रदान की पुष्टि हुई, जिसके बाद आपराधिक मामले दर्ज किए गए और पूरे जिले में समन्वित कार्रवाई की गई। इस अभियान के दौरान कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

इन आरोपियों को मध्य दिल्ली के उन इलाकों से पकड़ा गया जो आईपी एस्टेट, पहाड़गंज, जामा मस्जिद, कमला मार्केट, चांदनी महल और पटेल नगर थाना क्षेत्र में आते हैं। इनमें से ज्यादातर इलाके पुरानी दिल्ली के हैं। इन मामलों में पॉस्को कानून और सूचना प्रौद्योगिकी कानी के तहत कुल 10 प्राथमिकी दर्ज की गई थीं।

मध्य जिला में कई पहचाने गए लक्ष्यों के खिलाफ एक साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीमें बनाई गई थीं। पिछले पांच दिनों में अलग-अलग जगहों पर फील्ड ऑपरेशन में मदद के लिए तकनीकी खुफिया जानकारी, डिजिटल जांच और इलेक्ट्रॉनिक ट्रेसिंग का इस्तेमाल किया गया, जिससे आखिरकार उन लोगों का पता चल सका।

आरोपियों से वे मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल हार्डवेयर बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल अपराध करने में किए जाने का संदेह है। जांच जारी है। विशेषज्ञ जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का विस्तृत फोरेंसिक विश्लेषण कर रहे हैं और अतिरिक्त डिजिटल फुटप्रिंट्स की जांच कर रहे हैं। कानूनी कार्रवाई चल रही है और टीमें लगातार अतिरिक्त इंटरनेट फुटप्रिंट्स पर नज़र रख रही हैं।