नई दिल्ली। दिल्ली के बाहरी जिले में पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध जुए के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त बाहरी जिला अचिन शर्मा ने मंगलवार को बताया कि क्षेत्र में 24गुना7 सक्रिय निगरानी और गश्त के परिणामस्वरूप यह सफलता मिली है। इस कार्रवाई में हजारों रुपए की नकदी और जुए से संबंधित सामग्री जब्त की गई। कुल 10 मामले दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत दर्ज किए गए।
मुंडका थाना इलाके में 21 सितंबर को हेड कांस्टेबल अनिल और हेड कांस्टेबल रॉबिन फ्रेंड्स एन्क्लेव क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक पार्क में अवैध जुआ खेल रहे कुछ लोगों को देखा। पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने लगे, लेकिन त्वरित कार्रवाई से दो आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया। तलाशी में हजारों रुपए की नकदी और जुए का सामान बरामद हुआ। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और बरामद सामग्री को जब्त किया गया।
नांगलोई थाना इलाके में 20-21 सितंबर की रात को, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार और हेड कांस्टेबल सुमित कुमार कैंप नंबर 1, नांगलोई में गश्त पर थे। गुप्त सूचना के आधार पर, पुलिस ने एमसीडी पार्क में अवैध जुआ खेल रहे लोगों पर छापा मारा। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन दो आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया। तलाशी में नकदी और जुए का सामान बरामद हुआ। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रणहोला थाना थाना इलाके में 21 सितंबर को, हेड कांस्टेबल सतीश बप्रोला क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। नंगली विहार एक्सटेंशन के पास एक पार्क में अवैध जुआ खेल रहे लोगों को देखकर, उन्होंने तुरंत कार्रवाई की। एक आरोपी को मौके पर पकड़ा गया और हजारों रुपये की नकदी व जुए का सामान बरामद हुआ।
मंगोलपुरी थाना इलाके में 21 सितंबर को, हेड कांस्टेबल विनोद और कांस्टेबल सुशील एम-ब्लॉक, मंगोलपुरी में गश्त पर थे।
अंबेडकर पार्क में जुआ खेल रहे लोगों पर छापा मारकर दो आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी में नकदी और जुए का सामान बरामद हुआ। राज पार्क थाना इलाके में तीन अलग अलग ऑपरेशन जिसमें पहले में 21 सितंबर को, हेड कांस्टेबल सुनील शर्मा और हेड कांस्टेबल योगेंद्र मंगोलपुरी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। काशी राम पार्क, आर-ब्लॉक में जुआ खेल रहे दो आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी में नकदी और जुए का सामान भी बरामद हुआ।
दूसरे में उसी दिन, हेड कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल योगेश ने यू-ब्लॉक में सट्टा लिख रहे दो आरोपियों को पकड़ लिया। तीसरे में हेड कांस्टेबल भूपेंद्र कुमार और कांस्टेबल लोकेन्द्र ने सुल्तानपुरी के शगुन रेस्तरां, एफ-1 ब्लॉक के पास दो आरोपियों को पकड़ा है। सुल्तानपुरी थाना द्वारा चलाए गए पहले ऑपरेशन में 21 सितंबर को, हेड कांस्टेबल मंदीप और कांस्टेबल पप्पी राम ने ए-1 ब्लॉक पार्क में जुआ खेल रहे दो आरोपियों को पकड़ा। दूसरे ऑपरेशन में पी-4 ब्लॉक के छाजू राम पार्क में हेड कांस्टेबल सुमित और कांस्टेबल विष्णु ने दो अन्य आरोपियों को पकड़ा।
पश्चिम विहार पश्चिम थाना ने 21 सितंबर को, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र और कांस्टेबल दीपक सुंदर विहार में गश्त कर रहे थे। एक पार्क में सट्टा लिख रहे दो आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी में नकदी और जुए का सामान बरामद हुआ।
पुलिस ने इस ऑपरेशन में हजारों रुपए की नकदी, सट्टा पर्चियां, सट्टा टोकन, और रिकॉर्ड बुक सहित जुए से संबंधित सामग्री जब्त की। सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।
बाहरी जिले की पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को और मजबूत करते हुए यह संदेश दिया है कि इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।